Garhwa News: गढ़वा जिले के चिनियां थाना क्षेत्र के बेता गांव में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. उक्त गांव निवासी अकलू कोरवा की 42 वर्षीय मानती देवी, को एक अकेले हाथी ने बेरहमी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानती देवी अपने गांव से सटे तुरी मुंडा गांव में एक शादी समारोह के तिलक कार्यक्रम में गई थी.
वहां से लौटते समय वह धान की क्यारी से होकर गुजरने वाली पगडंडी से अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान धान के पके बोझा खा रहा एक अकेला हाथी अंधेरे में मौजूद था. महिला अनजाने में हाथी के बिल्कुल करीब पहुंच गई. अचानक महिला को पास देख हाथी भड़क गया और उसने पहले उसे पटक दिया, फिर उस पर चढ़कर बुरी तरह कुचल दिया. जहां महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
Garhwa News: गांव में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम देर रात मौके पर पहुंची. शव की हालत इतनी क्षतिग्रस्त थी कि उसे एक चादर में समेटकर चिनियां वन कार्यालय लाया गया. वही आज (बुधवार) सुबह 9:30 बजे चिनियां पुलिस प्रशासन असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर काशिद हुसैन हुआ बबन टुडू ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है. इधर घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है, गांव में मातम छाया है. लोग लगातार हो रही हाथी की घटनाओं से दहशत में हैं और ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है. यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक बेगुनाह ग्रामीण जंगली हाथियों के आतंक का शिकार होते रहेंगे.
बिहार में जीत के बाद दिल्ली पहुंचे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, Amit Shah से की मुलाकात


