मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर जिले को दी बड़ी सौगात, 827 करोड़ लागत की 188 योजनाओं का किया उद्घाटन

 

समस्तीपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में समस्तीपुर जिले में विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। इससे पहले विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव डॉ. प्रतिमा ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने सरायरंजन स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय समस्तीपुर के परिसर का निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री ने सरायरंजन स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय समस्तीपुर के परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर के परिसर में एमेनिटी भवन का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया और वहां जलपानगृह सह व्यायामशाला की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक भवन के प्रथम तल का जायजा लिया। उन्होंने स्मार्ट क्लासरूम, प्रोजेक्ट लैब, भाषा प्रयोगशाला, नेटवर्क लैब आदि का निरीक्षण किया। क्लास में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं से मुख्यमंत्री ने बातचीत की।

CM Samastipur 1 22Scope News

आपलोग बच्चों को अच्छे से पढ़ाइए और सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ें – CM नीतीश कुमार

इस दौरान उन्होंने कहा कि आपलोग बच्चों को अच्छे से पढ़ाइए और सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ें। छात्र-छात्राएं शिक्षा की नई-नई आधुनिक तकनीकों और ज्ञान को ठीक से आत्मसात करें और जीवन में आगे बढ़ें। इसके बाद मुख्यमंत्री भाषा प्रयोगशाला पहुंचे जहां शिक्षकों ने बताया कि यहां पर विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय भाषाएं बच्चों को सिखाई जाती हैं। वहां उपस्थित छात्रा ने मुख्यमंत्री का फ्रेंच और अंग्रेजी भाषा में स्वागत किया। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के परिसर में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने गर्मजोशी से मुख्यमंत्री का स्वागत कर उनका अभिवादन किया।

CM Samastipur 2 22Scope News

मुख्यमंत्री ने इसी परिसर में लगाए गए स्थानीय स्टार्टअप, इनोवेशन स्टॉल एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के परिसर में रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर समस्तीपुर जिले के लिए 470 करोड़ रुपए की 71 योजनाओं का शिलान्यास, 273 करोड़ रुपए की 74 योजनाओं का उद्घाटन एवं 84 करोड़ रुपए की 43 योजनाओं का कार्यारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इसी परिसर में लगाए गए स्थानीय स्टार्टअप, इनोवेशन स्टॉल एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों को देखा और उसकी प्रशंसा की।

CM Samastipur 3 22Scope News

जीविका दीदियों ने कहा- मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से प्राप्त 10 हजार की राशि से हमलोगों ने अपना काम शुरू किया है

जीविका दीदियों ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से प्राप्त 10 हजार रुपए की राशि से हमलोगों ने अपना काम शुरू किया है। हमलोग मुख्यमंत्री को हृदय से धन्यवाद देते हैं। हमलोगों को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जिसका लाभ हमलोगों के परिवार और समाज को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जीविका दीदियां अच्छे से काम कर रही हैं। हम चाहते हैं कि आपलोग आगे बढ़ें, सरकार हरसंभव मदद कर रही है। आपलोगों को अच्छा काम करने के लिए हम बधाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने 23 हजार 472 स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जीविका दीदियों को 437 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

CM Samastipur 4 22Scope News

नीतीश ने कृषि विभाग द्वारा समस्तीपुर में कराए जा रहे मल्टीपल क्रॉप फार्मिंग के मॉडल को भी देखा

मुख्यमंत्री ने सामाजिक पुनर्वास योजना, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान एवं मुख्यमंत्री निःशक्त जन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों से बातचीत की। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना की राशि में वृद्धि के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोग खुश रहिए। हमलोग सभी लोगों के सम्मान और उनकी सुविधा का ख्याल रख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बॉरलॉग इंस्टीट्यूट फॉर साउथ एशिया, समस्तीपुर द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नई-नई तकनीकों और कृषि उत्पादों की जानकारी ली। कृषि विभाग द्वारा समस्तीपुर में कराए जा रहे मल्टीपल क्रॉप फार्मिंग के मॉडल को भी देखा।

CM Samastipur 5 22Scope News

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के विभिन्न लाभार्थियों से बातचीत की

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के विभिन्न लाभार्थियों से बातचीत की और जिले में उद्योग को विकसित करने के संबंध में जिलाधिकारी से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यहां के लघु उद्यमी जो उत्पाद बना रहे हैं उनका उत्पाद अच्छे से बाजार पहुंचे। इसके लिए सुनियोजित तरीके से काम करें। इससे स्थानीय उत्पाद एवं स्थानीय बाजार दोनों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग एवं परिवहन विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और जिले में चलाए जा रहे जागरुकता अभियान की जानकारी ली। वहां उपस्थित स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

CM Samastipur 6 22Scope News

CM Samastipur 7 22Scope News

CM नीतीश ने समस्तीपुर जिलान्तर्गत हकीमाबाद प्रखंड में निर्माणाधीन RCC पुल-सह बाईपास सड़क का निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर जिलान्तर्गत हकीमाबाद प्रखंड में निर्माणाधीन आरसीसी पुल-सह बाईपास सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य की प्रगति एवं अध्यतन स्थिति की जानकारी दी। प्रगति यात्रा के दौरान समस्तीपुर जिला के लिए घोषित विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति से अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

इन घोषित योजनाओं में मुक्तापुर-मोईन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का कार्य, समस्तीपुर-दरभंगा पथ पर मुक्तापुर में रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य, राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-322 के मथुरापुर से मुक्तापुर (किमी 67.47 से 69.256 तक) पथ का चौड़ीकरण एवं मगरदही घाट पर नए उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण कार्य, मणिका (SH-88) से विक्रमपुर (NH-322) भाया श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज नरघोघी, सरायरंजन बाईपास पथ के निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी।

CM Samastipur 8 22Scope News

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया

इसके अतिरिक्त प्रगति यात्रा के दौरान घोषित रोसड़ा-शिवाजीनगर-बरियाही घाट-बहेड़ी पथ के किमी 0.00 से 22.20 किमी के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, रोसड़ा बाईपास (उत्तरी) कलवारा चौक (रोसड़ा हथौड़ी कोठी पथ के दूसरे किमी) से दरहा पावरा (SH-88) भाया लालपुर-मुहम्मदपुर-पावरा एवं रोसड़ा बाईपास (दक्षिण) रहुआ (SH-55) के 26वें किमी से दौलतपुर (SH-55) के चैनेज 37वें किमी तक निर्माण कार्य.

शिवाजीनगर प्रखंड में करेह नदी पर शंकरपुर घाट पर 12X27.80 मीटर आकार का उच्चस्तरीय आरसीसी पुल एवं पहुंच पथ का निर्माण कार्य, बलान नदी एवं जमुआरी नदी की गाद उड़ाही का कार्य, एनएच-28 छोटी बेझाडीह से कन्हैया चौक भाया शीतलपट्टी, महादेव चौक तक बाइपास सड़क का निर्माण (पार्ट-ए) एमडीआर-टी 01 से हकीमाबाद तक बाईपास सड़क का निर्माण (पार्ट-बी) का कार्य सहित अन्य विकासात्मक योजनाओं की प्रगति के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

CM Samastipur 9 22Scope News

CM नीतीश के साथ डिप्टी सीएम, मंत्री व कई अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव डॉ. प्रतिमा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, समस्तीपुर के जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा सहित अन्य वरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

CM Samastipur 10 22Scope News

यह भी पढ़े : CM नीतीश ने 50 योजनाओं की रखी आधारशिला, कहा- सरकारी चिकित्सकों की निजी प्रैक्टिस पर लगेगी रोक

रौशन कुमार की रिपोर्ट

Highlights

Saffrn

Trending News

Corrugated Boxes Supplier in Jharkhand & West Bengal | Aarisha Packaging Solutions

Social Media

194,000FansLike
27,500FollowersFollow
628FollowersFollow
695,000SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img