Bihar Women and Child Development Summit: महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों पर नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन शुक्रवार को संपन्न हो गया। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से 8 और 9 अक्टूबर को आयोजित इस सम्मेलन में बिहार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता और विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। सम्मेलन में आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत बनाने, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इसका उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय बढ़ाने के साथ महिला एवं बाल विकास से संबंधित विधायी ढांचे और योजनाओं की समीक्षा करना था।
आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत बनाने पर जोर
राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में आंगनबाड़ी केंद्रों के बुनियादी ढांचे में सुधार और पोषण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। इसके साथ ही बच्चों को बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। चर्चा में तकनीक के अधिकतम उपयोग को भी महत्वपूर्ण माना गया, ताकि योजनाओं की पहुंच और उनके क्रियान्वयन को प्रभावी बनाया जा सके।
महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण पर हुई चर्चा
सम्मेलन के प्रमुख विषयों में कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल रहा। महिलाओं को जरूरत के समय त्वरित सहायता उपलब्ध कराने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा भी चर्चा का हिस्सा रही। बाल संरक्षण के मुद्दे पर बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनकी देखरेख और पुनर्वास से जुड़े कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। बच्चों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने की जरूरत पर भी विचार-विमर्श हुआ।
महिला सशक्तिकरण के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
सम्मेलन में महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित नीतियों और योजनाओं पर भी चर्चा हुई। विभिन्न राज्यों के साथ परामर्श के बाद आयोजित इस बैठक में महिला एवं बाल विकास से जुड़े कानूनी प्रावधानों की व्यापक समीक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया। बिहार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने राज्य में महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए चल रही योजनाओं और नवाचारों की जानकारी साझा की। उन्होंने महिला एवं बाल विकास से जुड़े केंद्रीय विधायी ढांचे को और मजबूत बनाने के संबंध में बिहार का पक्ष भी रखा।

पीएम मोदी ने समापन समारोह में दिए निर्देश
9 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री ने अपने अनुभवों के आधार पर उपस्थित मंत्रियों और विभागाध्यक्षों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि यह सम्मेलन केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय को मजबूत करेगा। इससे महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण और आंगनबाड़ी से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: Bihar Cooperation Minister: धान खरीद और गोदाम निर्माण पर सख्ती, अधिकारियों को 15 दिन की मोहलत


















