JPSC Paper Leak Case: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच तेज़ हो गई है। शुक्रवार को CID (क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट) ने आयोग के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते से लगभग आठ घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा के आयोजन और चयन प्रक्रिया से जुड़े कई अहम सवाल पूछे गए।
आरोपियों के बयानों के आधार पर क्रॉस-एग्जामिनेशन
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी ने पूर्व चेयरमैन के जवाबों का मिलान पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के बयानों से किया। दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की भी जांच की गई। लंबी पूछताछ के बाद एल. खियांगते देर शाम अपने घर चले गए।
3 अगस्त को फिर बुलाया गया
CID ने पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते को 3 अगस्त (सोमवार) को आगे की पूछताछ के लिए नया समन भेजा है। जांच एजेंसी ने कहा कि जमा किए गए दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों के साथ-साथ अन्य आरोपियों के बयानों के आधार पर पूछताछ जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी
इस मामले में गिरफ्तार पांच लोगों को रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, तीन अन्य आरोपियों की रिमांड अवधि अभी चल रही है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ से परीक्षा में कथित अनियमितताओं के बारे में और अहम जानकारियां सामने आएंगी।
भर्ती और चयन प्रक्रियाओं पर केंद्रित सवाल
खबरों के अनुसार, CID अधिकारियों ने एल. खियांग्ते से भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा के आयोजन, मूल्यांकन के तरीकों और चयन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जवाब मांगे। इससे पहले, जांच एजेंसी ने कांके स्थित उनके आवास की तलाशी भी ली थी। पूरे मामले की जांच अभी जारी है।
Highlights



















