रांची की थोक मंडी में चीनी का भाव 64 से घटकर 50 से 51 रुपये किलो हो गया है, लेकिन कई छोटी दुकानों में अब भी 65 से 70 रुपये किलो बिक्री हो रही है।
Sugar Price रांची: त्योहारी सीजन से ठीक पहले आम उपभोक्ताओं के लिए चीनी की कीमत को लेकर राहत की खबर है। रांची की थोक मंडी में पिछले 15 से 20 दिनों में चीनी के भाव में करीब 14 रुपये प्रति किलो की गिरावट आयी है। थोक कारोबारी संजय माहूरी के अनुसार, चीनी का भाव पहले 64 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था, जो अब घटकर 50 से 51 रुपये प्रति किलो हो गया है।
चीनी की कीमत में गिरावट के पीछे केंद्र सरकार की ओर से बाजार में आपूर्ति बढ़ाने के लिए मासिक कोटा 22.5 लाख टन से बढ़ाकर 26.5 लाख टन किया जाना और निर्यात नीति में बदलाव को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। हालांकि, थोक बाजार में आयी इस गिरावट का पूरा फायदा अभी खुदरा ग्राहकों तक नहीं पहुंच रहा है।
Sugar Price: थोक बाजार में Sugar Price 14 रुपये तक घटी
थोक बाजार में चीनी की कीमत 15 से 20 दिन पहले 64 रुपये प्रति किलो के उच्चतम स्तर तक पहुंच गयी थी। अब यह घटकर 50 से 51 रुपये प्रति किलो पर आ गयी है। शहर की बड़ी दुकानों में भी इसका असर दिख रहा है, जहां चीनी करीब 55 से 56 रुपये किलो बिक रही है। इन दुकानों में करीब 20 दिन पहले चीनी का भाव 70 से 72 रुपये प्रति किलो था।
माना जा रहा है कि बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ने से कीमतों में यह गिरावट आयी है। केंद्र सरकार ने बाजार में आपूर्ति सुचारू रखने के लिए मासिक कोटा बढ़ाया है। इसके अलावा निर्यात नीति में संशोधन से घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ी है।
Key Highlights
- थोक बाजार में चीनी 64 से घटकर 50 से 51 रुपये किलो हुई।
- 15 से 20 दिनों में थोक भाव में करीब 14 रुपये की गिरावट।
- बड़ी दुकानों में चीनी 55 से 56 रुपये किलो बिक रही है।
- कई मोहल्लों की छोटी दुकानों में अब भी 65 से 70 रुपये किलो कीमत।
- अगले महीने नया उत्पादन शुरू होने के बावजूद बड़ी गिरावट की उम्मीद कम।
Sugar Price: मोहल्ले की दुकानों में 65 से 70 रुपये किलो बिक रही चीनी
थोक बाजार में कीमत कम होने के बावजूद रांची के कई मोहल्लों में ग्राहकों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। पुरानी रांची स्थित एचएन जनरल स्टोर में चीनी 65 रुपये किलो बतायी गयी। दुकानदार ने कहा कि उन्हें थोक में महंगी चीनी मिल रही है, इसलिए कम कीमत पर बिक्री संभव नहीं है।
लोहरा कोचा के मुकेश स्टोर में चीनी 70 रुपये किलो बतायी गयी। वहीं कोकर की एक गली स्थित विनोद दुकान में चीनी 68 रुपये किलो बेची जा रही थी। दुकानदार का कहना था कि चीनी का पुराना स्टॉक महंगी कीमत पर खरीदा गया था, इसलिए उसे कम कीमत पर नहीं बेचा जा सकता।
इस तरह थोक और खुदरा बाजार के भाव में फिलहाल 14 से 20 रुपये तक का अंतर दिखाई दे रहा है।
Sugar Price: कारोबारियों को कीमतें स्थिर रहने की उम्मीद
कारोबारियों के अनुसार, फिलहाल चीनी की कीमतों में और बड़ी गिरावट की संभावना कम है। पिछले कुछ दिनों से थोक बाजार में भाव अपेक्षाकृत स्थिर बने हुए हैं।
अगले महीने चीनी मिलों में नया उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, गन्ने के उत्पादन में संभावित कमी के कारण आने वाले समय में कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।
व्यापार क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार, सामान्य किराना उत्पादों पर करीब 10 प्रतिशत तक मार्जिन लिया जाता है। उनका कहना है कि जब थोक कीमतों में गिरावट आती है तो सामान्य बाजार प्रक्रिया के तहत खुदरा कीमतों में भी जल्द कमी आनी चाहिए। ऐसे में थोक कीमतों में गिरावट के बावजूद लंबे समय तक खुदरा बाजार में ऊंची कीमत बने रहने पर सवाल उठ सकते हैं।



















