रांची रेलवे स्टेशन के एस्केलेटर के पास से चार वर्षीय विवान कुमार लापता हो गया। CCTV में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहना युवक बच्चे को ले जाता दिखा।
Ranchi Railway Stationरांची: रांची रेलवे स्टेशन परिसर से चार वर्षीय बच्चा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना गुरुवार सुबह करीब 8.15 से 8.30 बजे के बीच एस्केलेटर के पास हुई। लापता बच्चे की पहचान छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित महामाया पारा निवासी विवान कुमार के रूप में हुई है। बच्चे की मां दिलमेत राजवाड़े ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। प्राथमिकी में अज्ञात व्यक्ति पर बच्चे के अपहरण की आशंका जतायी गयी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। फुटेज में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहना एक संदिग्ध युवक बच्चे को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस संदिग्ध की पहचान और बच्चे की तलाश में जुटी है।
Ranchi Railway Station: मां के साथ रांची आया था चार वर्षीय विवान
पुलिस को दिये आवेदन में दिलमेत राजवाड़े ने बताया कि पति के शराब पीकर मारपीट करने और घरेलू विवाद से परेशान होकर वह 19 सितंबर को अपनी छह वर्षीय बेटी प्रिंसी कुमारी और चार वर्षीय बेटे विवान के साथ घर से निकली थी।
इसके बाद गुरुवार सुबह रांची रेलवे स्टेशन पर बच्चा अचानक लापता हो गया। घटना के बाद परिवार ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन जब उसका पता नहीं चला तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गयी और चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी।
Key Highlights
- रांची रेलवे स्टेशन के एस्केलेटर के पास से चार वर्षीय बच्चा लापता।
- घटना गुरुवार सुबह करीब 8.15 से 8.30 बजे के बीच की है।
- बच्चे की मां ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
- 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज पुलिस ने खंगाले।
- फुटेज में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहना संदिग्ध युवक बच्चे को ले जाता दिखा।
Ranchi Railway Station: CCTV फुटेज में बच्चे को ले जाता दिखा संदिग्ध युवक
पुलिस की जांच में स्टेशन परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग सामने आयी है। इसमें एक युवक हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने हुए बच्चे के साथ दिखाई दे रहा है। एक फुटेज में युवक बच्चे को अपने हाथों से खींचकर अपने साथ ले जाता हुआ नजर आ रहा है।
पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। इसके अलावा उसके आसपास चार से पांच अन्य संदिग्ध युवक भी घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इन लोगों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
Ranchi Railway Station: संगठित गिरोह की आशंका, पुलिस कर रही जांच
CCTV फुटेज में एक से अधिक संदिग्धों की मौजूदगी के बाद पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं घटना के पीछे कोई संगठित बच्चा चोरी करने वाला गिरोह तो शामिल नहीं है। हालांकि जांच पूरी होने से पहले पुलिस ने इस संबंध में किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस स्टेशन परिसर के अलावा आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध युवक बच्चे को किस दिशा में लेकर गया। पुलिस ने बच्चे की तस्वीर और संदिग्ध युवक से संबंधित फुटेज के आधार पर तलाश तेज कर दी है।
मामले में पुलिस रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। बच्चे के सुरक्षित बरामद होने के लिए संभावित रास्तों और आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है।


















