रांची के बरियातू से चार महीने से लापता JSLPS की BPM सविता संगा की हत्या का खुलासा हुआ है। पति सुकरा लोहरा पर नदी में धकेलने का आरोप है।
Ranchi Crime : बरियातू से करीब चार माह से लापता जेएसएलपीएस की बीपीएम सविता संगा की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार सविता के पति सुकरा लोहरा ने 16 मई 2026 को छत्तीसगढ़ की एक उफनती नदी में उसे धक्का दे दिया था। नदी में डूबने से सविता की मौत होने की बात सामने आयी है। पुलिस ने आरोपी पति को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर रांची लाया, जहां गुरुवार को उसे जेल भेज दिया गया। हालांकि अभी तक सविता का शव बरामद नहीं हो सका है।
Ranchi Crime: पूछताछ में पति ने नदी में धकेलने की बात स्वीकारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान सुकरा लोहरा ने आपसी विवाद के बाद सविता को नदी में धकेलने की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि सविता को नदी में गिराने के पीछे हत्या की मंशा थी। आरोपी की निशानदेही और पूछताछ में सामने आये तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
सविता संगा जमशेदपुर के बिरसानगर की रहने वाली थी। उसकी शादी लापुंग के गोपालपुर निवासी सुकरा लोहरा से हुई थी। सुकरा छत्तीसगढ़ में त्रिपुरा बटालियन में तैनात है।
Key Highlights
- बरियातू से करीब चार माह से लापता थी JSLPS की BPM सविता संगा
- पुलिस के अनुसार पति सुकरा लोहरा ने 16 मई को नदी में धकेला
- छत्तीसगढ़ से आरोपी पति को गिरफ्तार कर रांची लाया गया
- पुलिस के अनुसार पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की गयी
- अभी तक सविता का शव बरामद नहीं हुआ, तलाश जारी
Ranchi Crime: परिजनों की शिकायत के बाद गहराया था शक
सविता के अचानक गायब होने के बाद उसकी बहन सुनीता कर्मकार ने परिजनों के साथ बरियातू थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी थी। परिजनों के अनुसार 23 जुलाई को सुकरा ने सविता की बहन स्वाति को फोन कर बताया था कि करीब दो महीने से उसकी सविता से बातचीत नहीं हुई है।
इसके बाद परिजनों ने बरियातू स्थित सविता के किराये के मकान के मालिक से जानकारी ली। मकान मालिक ने बताया कि सुकरा कमरे का पूरा सामान पहले ही खाली करा ले गया था। सविता की तलाश में सहयोग मांगने पर भी उसके सहयोग नहीं करने और बार-बार पूछे जाने के बावजूद स्पष्ट जवाब नहीं देने से परिजनों का शक और गहरा गया।
Ranchi Crime: छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से शव की तलाश
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब सविता के शव की तलाश की जा रही है। इसके लिए छत्तीसगढ़ पुलिस का सहयोग लिया जा रहा है। जिस नदी में सविता को धकेले जाने की बात सामने आयी है, वहां पुलिस संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है।
पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। शव बरामद होने के बाद मामले में आगे की जांच और साक्ष्यों को और मजबूती मिलने की संभावना है।


















