गिरिडीह में 10 से 12 युवकों ने लाठी-डंडे से हमला कर झामुमो छात्र विंग के नेता ऋतिक यादव की हत्या कर दी। पुलिस ने महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
Giridih Crime : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित बंदरकुप्पी में गुरुवार देर रात 10 से 12 युवकों ने लाठी-डंडे से हमला कर झामुमो छात्र विंग के नेता ऋतिक यादव उर्फ बंटी यादव (24) की हत्या कर दी। हमले में उसके दो दोस्त शुभम यादव और राजा भी घायल हुए, लेकिन दोनों किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
ऋतिक शहर के राजेंद्र नगर का रहने वाला था। उसके पिता मुसाफिर सिंह झारखंड पुलिस में सहायक अवर निरीक्षक के पद पर बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना में पदस्थापित हैं। घटना के बाद पुलिस ने महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
Giridih Crime: नूडल्स खाने गये थे तीनों, लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार ऋतिक यादव गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे अपने दोनों दोस्तों शुभम यादव और राजा के साथ नूडल्स खाने के लिए बंदरकुप्पी गया था। खाना खाने के बाद तीनों वाहन से घर लौट रहे थे।
बताया गया कि चाय दुकान से कुछ दूरी पर पहले से मौजूद 10 से 12 युवकों ने तीनों को रोक लिया। इसके बाद युवकों ने ऋतिक, शुभम और राजा पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के बाद दोनों दोस्त अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले, जबकि ऋतिक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
Giridih Crime: बेहोश ऋतिक को सड़क किनारे फेंककर भागे हमलावर
हमले के बाद ऋतिक मौके पर बेहोश होकर गिर गया। आरोप है कि हमलावर उसे उठाकर गिरिडीह की ओर जाने वाले रास्ते में जोड़ापहाड़ी के पास फेंककर फरार हो गये।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ऋतिक के साथी और परिचित देर रात जोड़ापहाड़ी पहुंचे। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि युवक की हत्या किस कारण से हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Giridih Crime: पहले से चल रहा था विवाद, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में ऋतिक यादव का पालगंज नावाडीह निवासी सतीश यादव के साथ पिछले कुछ दिनों से विवाद होने की जानकारी सामने आयी है। बताया गया कि कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच नोकझोंक हुई थी। इसके बाद से दोनों के बीच तनाव चल रहा था।
पुलिस इस पुराने विवाद को भी हत्या की वजह से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि हत्या का वास्तविक कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मामले में महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Giridih Crime: होमगार्ड की परीक्षा पास कर चुका था ऋतिक
ऋतिक के पिता मुसाफिर सिंह ने बताया कि उनके बेटे ने होमगार्ड की परीक्षा पास कर ली थी। ट्रेनिंग से संबंधित जानकारी मिलने के बाद वह जल्द ही सेवा में शामिल होने वाला था।
परिवार के अनुसार ऋतिक के भविष्य को लेकर तैयारियां चल रही थीं। हत्या की खबर के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
Key Highlights
- गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर ऋतिक यादव की पीट-पीटकर हत्या।
- हमले में 10 से 12 युवकों के शामिल होने की बात सामने आयी।
- ऋतिक के दो दोस्तों ने भागकर अपनी जान बचायी।
- पुलिस ने महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
- प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद की बात सामने आयी है।


















