PMAY-U 2.0 Bihar: प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) 2.0 के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन के लिए बिहार को दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने इसे राज्य के लिए गौरव का विषय बताया है। मंत्री के मुताबिक, यह सम्मान योजना के सफल क्रियान्वयन, आवास निर्माण की गति और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।
विश्व पर्यावास दिवस पर नई दिल्ली में मिला सम्मान
विश्व पर्यावास दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से बिहार को दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए गए। ये पुरस्कार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रदान किए। इस अवसर पर बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों ने राज्य की ओर से पुरस्कार प्राप्त किए।
PMAY-U 2.0 में ग्राउंडिंग के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार
बिहार को पहला पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य श्रेणी में मिला है। PMAY-U 2.0 के तहत स्वीकृत आवासों की तुलना में सर्वाधिक आवासों की ग्राउंडिंग सुनिश्चित करने के लिए बिहार को इस श्रेणी में सम्मानित किया गया। मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य में आवास निर्माण की गति और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है।
बड़े राज्यों की श्रेणी में भी विशेष मान्यता
बिहार को दूसरा पुरस्कार बड़े राज्यों की श्रेणी में विशेष मान्यता के रूप में मिला है। PMAY-U 2.0 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले सर्वाधिक प्रतिशत आवास स्वीकृत करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य को यह सम्मान दिया गया। मंत्री ने कहा कि दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार शहरी क्षेत्रों में आवास निर्माण की गति और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करते हैं।
‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को लेकर सरकार प्रतिबद्ध
नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में बिहार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकास के विजन के अनुरूप राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विभागीय अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी। इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार की ओर से विभाग के सचिव डॉ. संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, विशेष सचिव-सह-मिशन निदेशक शाहिद परवेज और परियोजना पदाधिकारी-सह-अपर निदेशक उमाकांत पांडे ने पुरस्कार प्राप्त किए।


















