JAC Board Exam 2027 की मैट्रिक और इंटर परीक्षा की तारीखों में बदलाव संभव है। जनगणना 2027 के कारण फरवरी के बजाय मार्च में परीक्षा हो सकती है।
ऐसे में यदि केंद्र सरकार जनगणना के कार्यक्रम में बदलाव नहीं करती है, तो झारखंड में मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं फरवरी के बजाय मार्च 2027 में आयोजित की जा सकती हैं। इसका असर आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षाओं पर भी पड़ने की संभावना है।
JAC Board Exam 2027:जनगणना और बोर्ड परीक्षा की तारीखों में टकराव
केंद्रीय गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, जनगणना 2027 के तहत घर-घर सर्वेक्षण का काम 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। दूसरी ओर, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और JAC ने मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं पांच फरवरी 2027 से शुरू कराने की योजना बनाई है।
इसके बाद फरवरी के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षाएं आयोजित करने का प्रस्ताव है। ऐसे में जनगणना और बोर्ड परीक्षाएं एक साथ होने से शिक्षकों की उपलब्धता को लेकर परेशानी हो सकती है।
दरअसल, जनगणना के कार्य में बड़ी संख्या में सरकारी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाती है। वहीं, बोर्ड परीक्षाओं के संचालन, परीक्षा केंद्रों पर वीक्षण और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए भी शिक्षकों की आवश्यकता होती है। दोनों महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां एक ही समय पर होने से शिक्षा विभाग के सामने चुनौती खड़ी हो सकती है।
JAC Board Exam 2027:केंद्र सरकार के फैसले पर टिकी परीक्षा की तारीखें
जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने सभी राज्यों से बोर्ड परीक्षाओं का संभावित कार्यक्रम मांगा है। झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने फरवरी के पहले सप्ताह से मैट्रिक और इंटर की परीक्षा शुरू कराने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सहमति के लिए भेजा है।
मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। इसके बाद जनगणना की प्रस्तावित अवधि और बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
यदि जनगणना की अवधि में बदलाव होता है, तो JAC फरवरी में ही परीक्षा आयोजित कर सकता है। लेकिन यदि मौजूदा कार्यक्रम बरकरार रहता है, तो मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं मार्च 2027 तक टल सकती हैं। फिलहाल परीक्षा की तारीखों को लेकर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
JAC Board Exam 2027:26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क भरें परीक्षा फॉर्म
इधर, JAC की मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। 12 नवंबर से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया के तहत विद्यार्थी 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
वहीं, विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि चार दिसंबर निर्धारित की गई है। नवंबर के अंत तक परीक्षा की समय-सारणी जारी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, परीक्षा का अंतिम कार्यक्रम विभाग और परिषद की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
JAC सचिव एस. डी. तिग्गा ने बताया कि परीक्षा की तारीखों को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जो दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, परिषद उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई करेगी। परीक्षा कार्यक्रम तय करने में विभाग के निर्देशों का पालन किया जाएगा।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















