JTET 2026: झारखंड में 986 केंद्रों पर कल होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, 5.65 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

JTET 2026 परीक्षा 1 नवंबर को झारखंड के 986 केंद्रों पर आयोजित होगी। 5.65 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। रांची में 101 परीक्षा केंद्रों पर धारा 163 लागू की गई है।


JTET 2026 रांची: झारखंड JTET-2026 के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से 1 नवंबर को राज्यभर में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में करीब 5.65 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए पूरे राज्य में 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने गुरुवार को सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

JTET 2026: मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश, सभी केंद्रों पर CCTV अनिवार्य

मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने सभी जिलों के उपायुक्तों, वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए तैयार की गई ऑपरेटिंग स्टैंडर्ड प्रोसीजर (SOP) का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। एसओपी ही परीक्षा संचालन का आधार है। इसमें दिए गए सभी निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ परीक्षा आयोजित कराई जाए।

मुख्य सचिव ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और वीडियोग्राफी तथा फोटोग्राफी की व्यवस्था करने को कहा गया है।

5.65 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, रांची में बनाए गए 101 केंद्र

जैक की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 नवंबर को होने वाली JTET 2026 परीक्षा में कुल 5,65,048 अभ्यर्थियों के शामिल होने की तैयारी है।

अभ्यर्थियों का स्तरवार विवरण इस प्रकार है:

  • प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 1,95,935 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

  • उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 3,69,113 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

  • पूरे झारखंड में कुल 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

  • राजधानी रांची में 101 परीक्षा केंद्रों पर करीब 48 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

जैक ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। समीक्षा बैठक में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव, जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा, जैक सचिव सच्चिदानंद दिव्येंदु तिग्गा समेत विभिन्न जिलों के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू

JTET परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रांची के एसडीओ कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा जारी की है।

यह निषेधाज्ञा 1 नवंबर को सुबह 6:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ और परीक्षा में बाधा पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी।

प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती और परीक्षा केंद्रों की निगरानी को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।

 

 

Giridih Naxal Search Operation: पारसनाथ पहाड़ी से भारी मात्रा में विस्फोटक...

गिरिडीह के पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस और CRPF के संयुक्त सर्च ऑपरेशन में 494 जिलेटिन रॉड, कॉर्डेक्स वायर और डेटोनेटर समेत भारी मात्रा...

Jharkhand News: झारखंड आंदोलनकारियों और परिजनों को मिलेगी पेंशन, सरकार ने...

झारखंड सरकार ने आंदोलनकारियों और उनके परिजनों की पेंशन व अन्य सुविधाओं के लिए 7.66 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। राशि डीबीटी के जरिए...

Hatia-LTT Special Train: दिवाली और छठ पर यात्रियों को राहत, हटिया-मुंबई...

दिवाली और छठ पूजा की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हटिया-LTT पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया है। दोनों...