Advertisement
Advertisement

Ranchi News: होटवार जेल में 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी से सामूहिक यौनाचार का आरोप, जेल अधीक्षक समेत 19 नामजद

 रांची के होटवार जेल में 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी के साथ तीन बार सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार का आरोप लगा है। जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और मेडिकल अफसर समेत 19 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज।


Ranchi News रांची: राजधानीRanchi के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार से जेल के भीतर बंदियों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि जेल में विचाराधीन बंदी रहे 20 वर्षीय युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर कैदियों के एक गिरोह ने तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया। पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मामले में जेल के भीतर सक्रिय 16 बंदियों के अलावा जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर समेत कुल 19 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

प्राथमिकी 12 नवंबर 2026 की शाम 6:05 बजे दर्ज की गयी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जेल प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों ने भी पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। यहां तक कि शिकायत करने पर वार्ड इंचार्ज ने आवेदन फाड़ दिया और रक्तस्राव की शिकायत के बावजूद जेल अस्पताल में उसका इलाज नहीं किया गया। फिलहाल मामले की पुलिस जांच शुरू हो गयी है।

Ranchi News: तीन अलग-अलग मौकों पर नशीला पदार्थ पिलाकर यौनाचार का आरोप

पीड़ित के पिता की शिकायत के अनुसार, उनका बेटा एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा जेल में बंद था। 31 जनवरी 2026 से 12 जून 2026 के बीच उसके साथ तीन अलग-अलग घटनाएं हुईं।

पहली घटना एक त्योहार की रात की बतायी गयी है। आरोप है कि कैदियों के गिरोह ने युवक को जबरन साड़ी पहनाकर उसका श्रृंगार किया। इसके बाद नशीला तरल पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया और वार्ड संख्या 3-ए में ले जाकर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया।

दूसरी घटना भी त्योहार के दौरान हुई। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने युवक को फिर नशीला पदार्थ पिलाया और तीन नंबर ग्राउंड हॉल में उसके साथ यौन हिंसा की। तीसरी घटना भी एक त्योहार के दिन वार्ड संख्या पांच में अंजाम देने का आरोप लगाया गया है।

Ranchi News: शिकायत करने पर वार्ड इंचार्ज ने फाड़ दिया आवेदन

पीड़ित के पिता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि जेल के भीतर हुई घटनाओं के बाद उनके बेटे ने वार्ड इंचार्ज को लिखित शिकायत दी थी। लेकिन शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय वार्ड इंचार्ज ने कथित तौर पर युवक के साथ गाली-गलौज की और उसका आवेदन फाड़ दिया।

इसके बाद युवक को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। वह इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा, लेकिन आरोप है कि वहां मौजूद मेडिकल अफसर ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया और बिना इलाज किये वापस भेज दिया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 12 जून 2026 को जेल से रिहाई के समय जेल प्रशासन ने अनिवार्य मेडिकल जांच तक नहीं करायी। जेल से बाहर आने के बाद युवक गहरे मानसिक सदमे में था। बाद में उसने अपने परिजनों को जेल के भीतर हुई कथित घटनाओं की जानकारी दी।

Ranchi News: जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और मेडिकल अफसर समेत 19 आरोपी

इस मामले में कुल 19 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इनमें वार्ड संख्या 14 और 15 के 16 बंदी तथा जेल प्रशासन के तीन अधिकारी शामिल हैं।

आरोपियों की सूची में पिटू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबिसर लोहरा, कैंटीन ब्वॉय पवन, मंटू, धनेश्वर बढ़ई, कातिल शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव, पोगो, संतोष उरांव और सिपाही सिंह के नाम शामिल हैं। इनके अलावा वार्ड इंचार्ज, जेल अधीक्षक और मेडिकल अफसर को भी आरोपी बनाया गया है।

शिकायतकर्ता ने जेल प्रशासन के अधिकारियों पर घटना की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने और साक्ष्य छिपाने की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Ranchi News: खेलगांव थाना में प्राथमिकी, सब-इंस्पेक्टर कुमार शिवम बने जांच अधिकारी

पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर खेलगांव थाना में 12 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मामले की जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर कुमार शिवम को सौंपी गयी है। उन्हें इस मामले का अनुसंधान पदाधिकारी यानी आइओ नियुक्त किया गया है।

पीड़ित युवक को रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को संबंधित मामले में बरी कर दिया था। अब जेल के भीतर उसके साथ कथित यौन हिंसा और जेल प्रशासन की भूमिका को लेकर पुलिस जांच करेगी। मामले में आरोपों की पुष्टि, मेडिकल साक्ष्य, जेल के रिकॉर्ड और संबंधित लोगों के बयान जांच के अहम आधार होंगे।

 

 

Commercial Advertisment

Ranchi NIA Investigation: RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले में विदेशी...

रांची के RSS प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले की NIA जांच में विदेशी हैंडलर, ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग ऐप से संदिग्ध फंडिंग के...

Jharkhand SIR: 18 साल के युवाओं को वोटर लिस्ट में नाम...

Jharkhand SIR के तहत 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवा वोटर लिस्ट में नाम जुड़वा सकते हैं। निर्वाचन आयोग ने WhatsApp नंबर...

Chhath Special Train: मौर्य एक्सप्रेस में पैर रखने की जगह नहीं,...

 छठ महापर्व पर बिहार जानेवाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मौर्य एक्सप्रेस की जनरल बोगी में जगह नहीं, महिलाएं और...