Advertisement
Advertisement
Advertisement

Ranchi Crime News: छठ पर बंद घरों को चोरों ने बनाया निशाना, गृह सचिव के बॉडीगार्ड के घर समेत 18 लाख की चोरी

रांची में छठ महापर्व के दौरान बंद घरों में चोरी की दो बड़ी वारदात हुईं। नामकुम में गृह सचिव के बॉडीगार्ड के घर और अरगोड़ा में बेटी की शादी के जेवरात समेत 18 लाख की चोरी हुई।


Ranchi Crime News रांची: छठ महापर्व के दौरान राजधानी में सुरक्षा के लिए 2,000 अतिरिक्त जवानों की तैनाती के बावजूद Ranchi में चोरों ने दो बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। नामकुम के अमेठिया नगर में झारखंड की गृह सचिव वंदना दादेल के बॉडीगार्ड हवलदार अजय कुमार यादव के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया। वहीं, अरगोड़ा थाना क्षेत्र की राहत कॉलोनी में चोरों ने बेटी की शादी के लिए रखे गये जेवरात और नकदी समेत करीब 18 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। दोनों परिवार छठ और शादी समारोह के सिलसिले में घर से बाहर गये हुए थे। इन घटनाओं ने त्योहार के दौरान बंद घरों की सुरक्षा को लेकर पुलिस के दावों पर सवाल खड़े कर दिये हैं।

Ranchi Crime News: नामकुम में गृह सचिव के बॉडीगार्ड के घर लाखों की चोरी

नामकुम थाना क्षेत्र के अमेठिया नगर में चोरों ने हवलदार अजय कुमार यादव के बंद मकान को निशाना बनाया। अजय कुमार झारखंड की गृह सचिव वंदना दादेल के बॉडीगार्ड हैं। वह 12 नवंबर को परिवार के साथ छठ महापर्व मनाने अपने पैतृक गांव मुंगेर, बिहार गये थे।

इसी दौरान चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी, पलंग और अन्य सामान को तोड़कर पूरे घर को खंगाल दिया। चोरों ने घर के दरवाजों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर से करीब नौ हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हुए हैं।

15 नवंबर को वीणा नगर में गैस पाइपलाइन कनेक्शन का काम कर रही टीम अजय कुमार के घर पहुंची। इस दौरान टीम के सदस्यों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई देखी। उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। पड़ोसियों को परिवार के मुंगेर जाने की जानकारी थी। इसके बाद उन्होंने अजय कुमार को फोन कर घटना की सूचना दी।

फिलहाल अजय कुमार परिवार के साथ बिहार से रांची लौट रहे हैं। उनके देर रात नामकुम पहुंचने की संभावना है। इसके बाद वह थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायेंगे। पुलिस को आवेदन मिलने के बाद चोरी गये सामान और कुल नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। स्थानीय लोगों ने घर में हुई तोड़फोड़ का वीडियो भी परिवार को भेजा है। परिवार इसी साल फरवरी में इस मकान में रहने आया था।

Ranchi Crime News: अरगोड़ा में बेटी की शादी के जेवरात समेत 18 लाख की चोरी

चोरी की दूसरी घटना अरगोड़ा थाना क्षेत्र की राहत कॉलोनी में हुई। यहां चोरों ने मोहम्मद मोहसिन के बंद मकान से करीब 18 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। परिवार बेटी की शादी में शामिल होने नयासराय स्थित होटल द पैलेस गया हुआ था।

इसी दौरान चोरों ने घर की पिछली खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी में रखे करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और तीन लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गये।

अगली सुबह परिवार घर लौटा तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर बेटी की शादी के लिए रखे गये आभूषण और नकदी गायब मिले। इसके बाद परिवार ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

Ranchi Crime News: CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, रेकी की आशंका

दोनों घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद संबंधित थानों की पुलिस जांच में जुट गयी है। अरगोड़ा में चोरों ने मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे से बचने के लिए घर की पिछली खिड़की का रास्ता चुना। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात से पहले चोरों ने दोनों मकानों की रेकी तो नहीं की थी। पुलिस चोरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी छठ पर्व के दौरान अमेठिया नगर में एक बंद मकान में चोरी हुई थी। उस समय भी परिवार छठ मनाने के लिए घर बंद कर बाहर गया था। लगातार दूसरे साल त्योहार के दौरान इस इलाके में चोरी की घटना सामने आने से स्थानीय लोगों में चिंता है।

 

Commercial Advertisment

Cyber Fraud: APK फाइल से रांची में साइबर ठगी, 160 मामलों...

रांची में APK File के जरिए साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जनवरी से 15 नवंबर तक 160 मामलों में मोबाइल...

Ranchi School Admission 2027-28: रांची के इन 14 निजी स्कूलों में...

Ranchi School Admission 2027-28 के लिए शहर के 14 निजी स्कूलों में आवेदन शुरू हो गए हैं। जानें किस स्कूल में किस कक्षा के...

JPSC-JSSC Reform: 22 नवंबर को हजारीबाग में छात्र महापंचायत, झारखंड के...

 JPSC-JSSC Reform मंच ने परीक्षा सुधार और लंबित नियुक्तियों को लेकर आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। 22 नवंबर को हजारीबाग में छात्र...