महेशपुर (पाकुड़): झारखंड स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर महेशपुर स्थित अंचल सह प्रखंड कार्यालय के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय समिति की सदस्य एवं युवा नेत्री उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्राम प्रधानों और पारंपरिक ग्रामीण पदाधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत 15 लाभुकों को स्वीकृति पत्र भी सौंपे गए।
पारंपरिक ग्रामीण पदाधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
समारोह में ग्राम प्रधान, गुडित, जोगमांझी, परानिक, नाईकी और कुडम नाईकी सहित अन्य पारंपरिक ग्रामीण पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न गांवों से पहुंचे इन प्रतिनिधियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर उपासना मरांडी ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां की आदिवासी संस्कृति, परंपरा, जल-जंगल-जमीन और पारंपरिक ग्राम व्यवस्था से जुड़ी हुई है। ग्राम प्रधान और पारंपरिक पदाधिकारी ग्रामीण समाज की रीढ़ हैं। सामाजिक एकता बनाए रखने, आपसी विवादों का समाधान करने और सदियों पुरानी परंपराओं को जीवंत रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
झारखंडी संस्कृति और अस्मिता का सम्मान जरूरी
उपासना मरांडी ने कहा कि पारंपरिक ग्रामीण प्रतिनिधियों का सम्मान करना झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और झारखंडी अस्मिता का सम्मान है। झारखंड स्थापना दिवस राज्य निर्माण के लिए किए गए संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि राज्य की मूल पहचान के साथ आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
15 लाभुकों को मिला आवास योजना का स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत 15 लाभुकों को उपासना मरांडी के हाथों स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। स्वीकृति पत्र मिलने पर लाभुकों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। इस मौके पर उपासना मरांडी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचना चाहिए। प्रत्येक परिवार को सम्मानजनक जीवन के साथ सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना जरूरी है।

अधिकारियों और ग्रामीण प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
समारोह में अंचल अधिकारी संजय कुमार सिन्हा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, प्रखंड सह सचिव नसीम अहमद, अंचल निरीक्षक गुरुदास, इकबाल हुसैन और रफी अहमद सहित प्रखंड के कर्मचारी एवं विभिन्न गांवों के पारंपरिक ग्रामीण पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता: सरोज झा
यह भी पढ़ें: रोहतास के भलुनी भवानी मंदिर में लाखों की चोरी, देवी के मुकुट से लेकर हार तक ले गए चोर
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















