मिथिला की संस्कृति और बिहार के विकास पर सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश, जानिए क्या-क्या हुआ ऐलान

पटना: बिहार की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने और मिथिला की पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि राजधानी पटना में महाकवि विद्यापति की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। वहीं, मधुबनी जिले के बिस्फी स्थित उनकी जन्मस्थली पर निर्माणाधीन स्मारक अगले छह महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री रविवार को पटना के मिलर हाई स्कूल परिसर में आयोजित दो दिवसीय 73वें विद्यापति स्मृति पर्व समारोह-2026 का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि विद्यापति केवल मिथिला के ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार की सांस्कृतिक चेतना और गौरव के प्रतीक हैं। उनकी साहित्यिक विरासत आने वाली पीढ़ियों को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देती रहेगी।

पटना में लगेगी विद्यापति की आदमकद प्रतिमा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार ज्ञान, साहित्य, कला और संस्कृति की समृद्ध भूमि है। मैथिली, मगही, अंगिका और बज्जिका जैसी भाषाएं राज्य की सांस्कृतिक विविधता को मजबूत बनाती हैं। मिथिला की धरती माता सीता और महाकवि विद्यापति की विरासत से जुड़ी हुई है। ऐसे में इस विरासत का संरक्षण और संवर्द्धन सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पटना में महाकवि विद्यापति की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही मधुबनी के बिस्फी में उनकी जन्मस्थली पर बन रहा स्मारक अगले छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने चेतना समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 1954 में स्थापित यह संस्था लगातार विद्यापति स्मृति पर्व का आयोजन कर मिथिला की साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए हुए है।

मिथिला की संस्कृति और बिहार के विकास पर सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश, जानिए क्या-क्या हुआ ऐलान 1

पहली से छठी कक्षा तक मैथिली की पढ़ाई शुरू

मुख्यमंत्री ने मैथिली भाषा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह मिथिला की प्राचीन सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने मैथिली भाषा में भारतीय संविधान के प्रकाशन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैथिली को संविधान की आठवीं अनुसूची में स्थान मिलना पूरे मिथिला समाज के लिए गौरव की बात है। सम्राट चौधरी ने बताया कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप राज्य के सरकारी स्कूलों में पहली से छठी कक्षा तक स्थानीय भाषा के रूप में मैथिली की पढ़ाई शुरू की गई है। आने वाले समय में इसका और विस्तार किया जाएगा, ताकि बच्चे अपनी मातृभाषा के साथ सांस्कृतिक जड़ों से भी जुड़े रहें।

मिथिला की संस्कृति और बिहार के विकास पर सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश, जानिए क्या-क्या हुआ ऐलान 3

कोसी-मेची परियोजना और दरभंगा एयरपोर्ट से बदलेगी तस्वीर

मुख्यमंत्री ने मिथिलांचल के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार में बुनियादी सुविधाओं, सिंचाई, उद्योग और हवाई संपर्क का विस्तार किया जा रहा है। कोसी-मेची नदी जोड़ परियोजना के लिए लगभग 11 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराने पर उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया। उनके मुताबिक, इस परियोजना से बाढ़ की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी और कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। दरभंगा एयरपोर्ट के विकास की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इसके लिए केंद्र को जमीन उपलब्ध करा दी है। प्रस्तावित योजना में करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबा रनवे विकसित करने की बात है। इससे उत्तर बिहार का देश और दुनिया से हवाई संपर्क बेहतर होगा तथा व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मिथिला के मखाना की बढ़ती पहचान का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मखाना अब वैश्विक स्तर पर अपनी जगह बना रहा है। इसकी पैकेजिंग, मार्केटिंग और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बढ़ने से क्षेत्र के किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

मिथिला की संस्कृति और बिहार के विकास पर सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश, जानिए क्या-क्या हुआ ऐलान 4

पांच साल में 50 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए उद्योगों और रोजगार के अवसरों का विस्तार जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए मजबूरी में दूसरे राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़े। इसके लिए उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी और छोटे-बड़े उद्यमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में पांच सीमेंट फैक्ट्रियों की स्थापना की दिशा में काम शुरू हुआ है। मधुबनी, बांका, नवादा, किशनगंज और मुजफ्फरपुर में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार ने एक करोड़ उद्यमी तैयार करने का संकल्प लिया है, ताकि स्वरोजगार बढ़े और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने कहा कि बिहार की अर्थव्यवस्था लगभग 10 से 11 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रही है। विकसित राज्यों की बराबरी करने के लिए निवेश और औद्योगीकरण की गति तेज करनी होगी। इसी उद्देश्य से अगले पांच वर्षों में कम-से-कम 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य लेकर काम करने की जरूरत है।

मिथिला की संस्कृति और बिहार के विकास पर सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश, जानिए क्या-क्या हुआ ऐलान 2

कलाकारों के लिए पेंशन योजना का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कला और संस्कृति के संरक्षण के साथ कलाकारों को आर्थिक सुरक्षा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना शुरू की है। उन्होंने चेतना समिति से मिथिला समाज के लोगों को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का आह्वान किया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। चेतना समिति की ओर से उन्हें पाग पहनाकर सम्मानित किया गया और स्मृति चिह्न के रूप में मिथिला पेंटिंग भेंट की गई। समारोह में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, बिहार भाजपा अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, पूर्व मंत्री सह विधायक विनोद नारायण झा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, चेतना समिति के अध्यक्ष विवेकानन्द झा, सचिव जयदेव मिश्र और उपाध्यक्ष उमेश मिश्र सहित साहित्यकार, कलाकार तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

भगवान बुद्ध के विचार आने वाले 2500 वर्षों तक रहेंगे प्रासंगिक, राष्ट्रीय संगोष्ठी में भंते उपानन्द ने क्या कहा?

यह खबर शेयर करें
FacebookXTelegram

Jio Happy New Year Offer 2026: Jio का नए साल से...

Jio Happy New Year Offer 2026: नए साल से पहले रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा देते हुए Happy New Year 2.0...

Bihar Forensic Science Laboratory: बिहार में अपराधियों की मुश्किलें बढ़ेंगी! पटना...

Bihar Forensic Science Laboratory, पटना: बिहार में अपराध अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक और प्रभावी बनाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की क्षमता बढ़ाने...

Deoghar Congress Meeting: ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली के लिए कांग्रेस...

Deoghar Congress Meeting: झारखंड के देवघर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मंगलवार को संगठनात्मक बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें...