Trikut Pahad Landslide: देवघर के त्रिकुट पहाड़ से 200 फीट की विशाल चट्टान गिरी, बाल-बाल टला बड़ा हादसा

देवघर के त्रिकुट पहाड़ पर रविवार सुबह करीब 200 फीट का चट्टानी हिस्सा टूटकर गिर गया। हादसे में पानी की टंकी क्षतिग्रस्त हुई और 30 सखुआ के पौधे नष्ट हो गये। गनीमत रही कि कोई पर्यटक मौजूद नहीं था।


Trikut Pahad Landslide देवघर: झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल Trikut Pahad पर रविवार की सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित पहाड़ की करीब 1500 फीट ऊंची चोटी से लगभग 200 फीट लंबा-चौड़ा विशाल चट्टानी हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। चट्टान गिरने से धमाके जैसी तेज आवाज हुई, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। कुछ देर तक आसपास धूल का गुबार छाया रहा। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई पर्यटक या श्रद्धालु मौजूद नहीं था।

Trikut Pahad Landslide:1500 फीट ऊंची चोटी से गिरी विशाल चट्टान, आश्रम से 50 फीट पहले रुका मलबा

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पहाड़ की चोटी से टूटकर गिरा चट्टानी मलबा रास्ते में आने वाले पेड़-पौधों को तोड़ता हुआ नीचे आया। करीब 200 फीट लंबे-चौड़े हिस्से का मलबा आश्रम से महज 50 फीट पहले जाकर रुक गया।

इसकी चपेट में आने से वहां बनी पानी की टंकी क्षतिग्रस्त हो गयी, जिससे जलापूर्ति बाधित हो गयी। वन विभाग के फॉरेस्टर प्रकाश राणा के अनुसार, चट्टान गिरने से करीब 30 सखुआ के पौधे नष्ट हुए हैं। क्षतिग्रस्त पौधों की कटिंग कर उन्हें सुरक्षित रखा गया है। घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गयी है।

Trikut Pahad Landslide:2022 के रोपवे हादसे के बाद से बंद है सेवा, दो घंटे पैदल चढ़ते हैं श्रद्धालु

त्रिकुट पहाड़ पर वर्ष 2022 में हुए भीषण रोपवे हादसे के बाद से रोपवे सेवा बंद है। इसके कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों को पहाड़ की चोटी तक पहुंचने के लिए करीब दो घंटे तक पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है।

रविवार को चट्टान गिरने की घटना ने इस रास्ते से आवाजाही करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, हादसे के समय पर्यटक और श्रद्धालु मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।

Trikut Pahad Landslide:त्रिकुट पहाड़ पर पहले भी दो बार टूट चुकी हैं चट्टानें

त्रिकुट पहाड़ पर चट्टान टूटकर गिरने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान पहाड़ के चट्टानी हिस्सों में टूट-फूट हो चुकी है।

  • 23 सितंबर 1999: बारिश के साथ आये भीषण तूफान में विष्णु खंड के उत्तरी और दक्षिणी हिस्से टूट गये थे।

  • अक्टूबर 2013: फेलिन चक्रवात के दौरान विष्णु खंड के पूरब-उत्तर का एक हिस्सा टूटकर करीब 10 फीट नीचे खिसक गया था।

  • नवंबर 2026: रविवार सुबह पहाड़ की चोटी से करीब 200 फीट लंबा-चौड़ा चट्टानी हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने पहाड़ की ऊपरी चोटी पर मिट्टी के कटाव और पेड़-पौधों की कमी को चट्टान खिसकने की संभावित वजह बताया है। ताजा घटना के बाद पहाड़ पर जाने वाले रास्ते की सुरक्षा और चट्टानों की स्थिति की जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।

 

यह खबर शेयर करें
FacebookXTelegram

Jio Happy New Year Offer 2026: Jio का नए साल से...

Jio Happy New Year Offer 2026: नए साल से पहले रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा देते हुए Happy New Year 2.0...

Bihar Forensic Science Laboratory: बिहार में अपराधियों की मुश्किलें बढ़ेंगी! पटना...

Bihar Forensic Science Laboratory, पटना: बिहार में अपराध अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक और प्रभावी बनाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की क्षमता बढ़ाने...

Deoghar Congress Meeting: ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली के लिए कांग्रेस...

Deoghar Congress Meeting: झारखंड के देवघर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मंगलवार को संगठनात्मक बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें...