पटना: बिहार के ग्रामीण इलाकों में महिलाएं अब रोजगार के साथ-साथ गांवों के विकास में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। विकसित भारत–जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत राज्य में सृजित कुल 2 करोड़ 90 लाख 89 हजार श्रम दिवसों में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 58 फीसदी रही है। आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं ने 1 करोड़ 68 लाख 71 हजार से अधिक श्रम दिवसों में काम किया है। ग्रामीण विकास विभाग के मुताबिक, महिलाओं की यह भागीदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
2.90 करोड़ श्रम दिवसों में महिलाओं की 58 फीसदी हिस्सेदारी
ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वीबी-जी राम जी योजना के तहत बिहार में अब तक कुल 2 करोड़ 90 लाख 89 हजार श्रम दिवस सृजित किए गए हैं। इनमें 1 करोड़ 68 लाख 71 हजार से अधिक श्रम दिवस महिलाओं के नाम दर्ज हैं। यानी कुल रोजगार दिवसों में महिलाओं की भागीदारी करीब 58 फीसदी है। विभाग का मानना है कि यह आंकड़ा ग्रामीण महिलाओं की बढ़ती कार्यक्षमता, मेहनत और आत्मनिर्भर बनने की इच्छा को दर्शाता है। महिलाएं अब केवल परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांवों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं।
अपने गांव में रोजगार मिलने से पलायन पर लगाम
एक जुलाई 2026 को अस्तित्व में आई वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। योजना में अकुशल कामगारों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई है। मांग के आधार पर समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराने और निर्धारित समय पर काम नहीं मिलने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान है। इसके अलावा कृषि मौसम में श्रमिकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए 60 दिनों के कार्य विराम का नियम भी लागू है। बिहार में इस योजना के तहत 2.25 करोड़ परिवार जॉब कार्ड के जरिए पंजीकृत हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अपने ही गांव में काम मिलने से मजदूरी पर निर्भर परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इससे दूसरे क्षेत्रों में काम की तलाश में होने वाले पलायन को कम करने में मदद मिल रही है।
महिलाओं की आर्थिक स्थिति और निर्णय लेने की क्षमता में सुधार
ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि योजना के तहत महिलाओं की भागीदारी केवल मजदूरी हासिल करने तक सीमित नहीं है। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और घर तथा समाज में महिलाओं की निर्णय लेने की क्षमता भी बढ़ रही है। स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से महिलाओं को परिवार के साथ रहते हुए आय अर्जित करने का अवसर मिल रहा है। इससे ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सहारा मिल रहा है और महिलाओं की आर्थिक भूमिका पहले से अधिक मजबूत हो रही है।

जल संरक्षण और तालाब निर्माण में भी महिलाओं की भूमिका
ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को अपने ही गांव में सम्मानजनक काम और उसके अनुरूप मजदूरी मिल रही है। इससे पलायन कम करने में मदद मिली है और मजदूरी पर निर्भर परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। मंत्री ने कहा कि सृजित श्रम दिवसों में महिलाओं की 58 फीसदी भागीदारी इस बात का संकेत है कि वे गांवों के विकास की प्रमुख वाहक बन रही हैं। उनकी मेहनत से जल संरक्षण, तालाबों के निर्माण और जीर्णोद्धार तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों के विकास को गति मिली है। योजना के तहत महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ग्रामीण विकास के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें: PMCH के कैंसर वार्ड में रोज 70 से 80 मरीजों का इलाज, जानिए क्या-क्या सुविधाएं मिल रहीं
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















