पटना: बिहार में जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए अब लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों और अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल माध्यम से सुनवाई की व्यवस्था शुरू की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत इस सुविधा का लोकार्पण किया। नई व्यवस्था से आम नागरिक डिजिटल माध्यम से अपने मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। सरकार का दावा है कि इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई की सुविधा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल माध्यम से मामलों की सुनवाई की जाएगी। इससे लोगों को सुनवाई के लिए दूर-दराज के इलाकों से राजस्व न्यायालयों तक आने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े करोड़ों आवेदन और मामले लंबित रहते हैं। वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था शुरू होने से मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ भी कम होगा। यह पहल सरकार के सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई व्यवस्था से आम लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। खासकर गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को इसका लाभ मिलेगा, जिन्हें सुनवाई के लिए कई बार लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। अब वे डिजिटल माध्यम से अपने मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली के जरिए वादों की ऑनलाइन सुनवाई के साथ डिजिटल माध्यम से साक्ष्य और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। पक्षकार अपने मामले की स्थिति की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। इससे सुनवाई और मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और सुगम होगी।
सुनवाई की रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन होगा उपलब्ध
वर्चुअल सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध रहेगा। इससे कार्यवाही में पारदर्शिता बढ़ेगी और सुनवाई की गुणवत्ता में सुधार करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पारित आदेशों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता की नियमित जांच की व्यवस्था की जाए। उन्होंने इसके लिए एक विशेष सेल गठित करने का निर्देश दिया, जो राजस्व न्यायालयों के आदेशों की स्क्रूटिनी करेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मामलों में पारित आदेश गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी हों।

एसएमएस के साथ कॉल सेंटर से भी मिलेगी सुनवाई की सूचना
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्चुअल सुनवाई की नई व्यवस्था के बारे में आम लोगों को व्यापक स्तर पर जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सुनवाई की तारीख और समय की सूचना एसएमएस के माध्यम से भेजने के साथ वैकल्पिक व्यवस्था भी होनी चाहिए। इसके लिए कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से भी संबंधित पक्षकारों को सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि किसी व्यक्ति को सुनवाई की तारीख और समय की जानकारी मिलने में परेशानी न हो और वह निर्धारित समय पर कार्यवाही में शामिल हो सके।

डिजिटल बिहार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
कार्यक्रम के दौरान राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली पर आधारित वीडियो फिल्म दिखाई गई। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन सुनवाई के अलावा डिजिटल तरीके से साक्ष्य और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने तथा मामलों की स्थिति ऑनलाइन देखने की सुविधा भी मिलेगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, विभागीय सचिव जय सिंह और सीमा त्रिपाठी, अपर सचिव अमित कुमार पाण्डेय तथा भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी और राजस्व न्यायालयों से जुड़े अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें: बिहार के 551 आदर्श विद्यालयों में क्या बदल रहा है? आधुनिक लैब से खेल प्रतियोगिताओं तक नई पहल
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















