Bihar Amrit Sarovar Constitution Day 2026, पटना: बिहार में इस बार संविधान दिवस को जल संरक्षण और स्वच्छता अभियान से जोड़कर मनाने की तैयारी है। 26 नवंबर को राज्य के सभी अमृत सरोवर स्थलों पर संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर चर्चा के साथ जल संरक्षण, स्वच्छता और सरोवरों की देखभाल का संकल्प लिया जाएगा। आयोजन में युवाओं, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, वीबी-जी राम जी योजना के श्रमिकों और जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीण विकास विभाग के तहत बिहार रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी के माध्यम से वीबी-जी राम जी के आयुक्त अंजनि कुमार ने इस संबंध में राज्य के सभी जिलाधिकारियों और उप विकास आयुक्तों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह निर्देश भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के पत्र के आलोक में दिया गया है।
अमृत सरोवरों पर होगा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
26 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य लोगों को संविधान के आदर्शों, मूल्यों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए अमृत सरोवर स्थलों पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाएगा। साथ ही संविधान में बताए गए मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और मूल्यों पर संक्षिप्त परिचर्चा भी होगी। इस पहल के जरिए संविधान दिवस को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर स्थानीय समुदाय की भागीदारी वाला जन-जागरूकता अभियान बनाने की तैयारी है।
युवाओं, विद्यार्थियों और जीविका दीदियों की होगी भागीदारी
कार्यक्रम को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए युवाओं, स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों, वीबी-जी राम जी योजना के श्रमिकों तथा जीविका दीदियों को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। विद्यार्थियों और युवा क्लबों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इसके अलावा प्रतिभागी जल संरक्षण, स्वच्छता और अमृत सरोवरों के संरक्षण की सामूहिक शपथ लेंगे। सरोवरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को सार्वजनिक जलस्रोतों और पर्यावरण की देखभाल के प्रति जागरूक किया जा सके।
सभी जिलों को जारी किए गए दिशा-निर्देश
ग्रामीण विकास विभाग ने जिलाधिकारियों और उप विकास आयुक्तों को कार्यक्रमों के आयोजन में संबंधित विभागों और स्थानीय समुदाय के बीच समन्वय सुनिश्चित करने को कहा है। जरूरत के अनुसार वीबी-जी राम जी और अन्य प्रासंगिक सरकारी योजनाओं के साथ अभिसरण कर उपलब्ध संसाधनों का नियमानुसार उपयोग किया जा सकेगा। कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार स्थानीय मीडिया, सोशल मीडिया और सामुदायिक माध्यमों से किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ें और संविधान के साथ-साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझें।
आयोजन के बाद जिलों को भेजनी होगी रिपोर्ट
कार्यक्रम पूरा होने के बाद सभी जिलों को राज्य मुख्यालय में संक्षिप्त प्रतिवेदन उपलब्ध कराना होगा। इसमें उन अमृत सरोवर स्थलों की कुल संख्या बतानी होगी, जहां कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ प्रतिभागियों की संख्या और आयोजित गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण भी देना होगा। जिलों को कार्यक्रम के पांच से दस उच्च गुणवत्ता वाले फोटोग्राफ भी भेजने होंगे। तस्वीरों पर संबंधित अमृत सरोवर की आईडी, पंचायत, प्रखंड और जिले का नाम स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य होगा।
संविधान के साथ स्वच्छता और ग्रामीण योजनाओं के प्रति जागरूकता पर जोर
ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अमृत सरोवरों पर होने वाले कार्यक्रमों से लोगों को अपने मौलिक अधिकारों और संविधान में दिए गए कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से लोगों में साफ-सफाई के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी। मंत्री के अनुसार, इस अवसर पर वीबी-जी राम जी योजना को लेकर आयोजित कार्यक्रमों से इसके क्रियान्वयन को भी गति मिलेगी और ग्रामीण लोग योजना का पूरा लाभ उठा सकेंगे। इस तरह संविधान दिवस के आयोजन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में संवैधानिक जागरूकता, जल संरक्षण और स्वच्छता को एक साथ बढ़ावा देने की पहल की जा रही है।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















