New Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी श्लोक त्रिपाठी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को दिल्ली पुलिस की नॉर्थ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ टीम ने दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपी एक लॉ ग्रेजुएट है और उसने गुरुवार रात करीब 11 बजे नशे की हालत में यूपी 112 पर कॉल करके मुख्यमंत्री को मारने की धमकी दी थी। इससे पहले उसने अपनी पत्नी से बात कराने के लिए भी कॉल किया था। आरोपी के पास से फर्जी पहचान पत्र भी बरामद हुआ है।
गाजियाबाद पुलिस को जैसे ही कॉल की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत दिल्ली पुलिस को अलर्ट किया। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गाजियाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद मानसिक रूप से परेशान था और इसी तनाव में आकर उसने मुख्यमंत्री को धमकी दे डाली।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा बढ़ा दी है। उनके उत्तर-पश्चिम दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। यह धमकी ऐसे समय आई है जब हाल ही में उद्योग भवन और निर्माण भवन में बम की झूठी धमकियों से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।


















