Desk. खबर सियासत से है। इस साल हो रहे लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी प्रचार-प्रसार जोरों पर है। इस बीच अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने भी इस चुनाव में एंट्री कर ली है। महासभा ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। इससे इस चुनाव में बीजेपी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। खासकर उस सीट पर जिस पर पीएम मोदी खुद चुनाव लड़ रहे हैं क्योंकि महासभा ने पीएम मोदी के खिलाफ वाराणसी से किन्नर महासभा की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी को प्रत्याशी बनाया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अखिल भारतीय हिंदू महासभा की ओर से उत्तर प्रदेश की 20 सीटों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है। इन सूची में वाराणसी का भी नाम शामिल है। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी पहली बार 2014 में वाराणसी सीट पर लोकसभा का चुनाव लड़े थे और भारी बहुमत से जीत के बाद बाद पीएम की कुर्सी तक पहुंचे थे। इसके बाद 2019 में भी वे इसी सीट से चुनाव लड़कर लोकसभा पहुंचे थे।
बीजेपी की पहली सूची में पीएम मोदी का नाम
बता दें कि, लोकसभा चुनाव की डेट के ऐलान से पहले ही बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की दो सूची जारी कर दी थी। लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी ने 2 मार्च को अपनी पहली सूची जारी की थी। इसमें 195 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया था। इसमें पीएम मोदी के अलावा 34 केंद्रीय मंत्रियों के नाम भी शामिल थे। इस बार भी पीएम मोदी वाराणसी सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।
लोकसभा चुनाव का ऐलान
बता दें कि लोकसभा चुनाव की वोटिंग सात चरणों में होंगी। पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल, दूसरे चरण की वोटिंग 26 अप्रैल, तीसरे चरण की वोटिंग 7 मई, चौथे चरण की वोटिंग 13 मई, पांचवें चरण की वोटिंग 20 मई, छठे चरण की वोटिंग 25 मई और सातवे चरण या अंतिम चरण की वोटिंग 1 जून को होगी। इस चुनाव की काउंटिंग 4 जून को होगी।


















