रांची: CNLU द्वारा CLAT UG-2025 का संशोधित परिणाम शनिवार शाम जारी कर दिया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में यह संशोधन किया गया है। साथ ही, फाइनल आंसर की और काउंसलिंग शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है।
संशोधित परिणाम में झारखंड के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन पहले से बेहतर रहा है। रांची की संस्कृति पाठक राज्य की टॉप स्कोरर बनी हैं। उन्होंने 99.25 स्कोर के साथ ऑल इंडिया रैंक (AIR)-27 हासिल किया है, जबकि पूर्व में जारी परिणाम में उन्हें 97.5 स्कोर के साथ AIR-34 मिला था। रांची के ही सुनीत सानुराग ने 97.5 स्कोर के साथ AIR-61 प्राप्त किया है। दोनों ने विधिग्या, रांची से CLAT की तैयारी की थी।
जमशेदपुर की कौशिकी पाठक को AIR-89, रांची के प्रभव सानू को AIR-527 और देवघर की श्रेया केसरी को AIR-747 प्राप्त हुआ है। लगभग 1900 अभ्यर्थियों ने CLAT 2025 परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से कई को उल्लेखनीय सफलता मिली है।
तैयारी में अखबारों की भूमिका
संस्कृति पाठक ने बताया कि उन्होंने मई 2024 से CLAT की तैयारी शुरू की थी। उनकी सफलता में अखबारों की भूमिका अहम रही। उन्होंने रोज अखबार पढ़ा, जिससे उनकी रीडिंग कंप्रिहेंसन, स्पीड, करंट अफेयर्स और जीके में मदद मिली। इसके अलावा सप्ताह में तीन मॉक टेस्ट देकर उनका विश्लेषण करती थीं। वे मूलतः गढ़वा की रहनेवाली हैं और वर्तमान में रांची में रहती हैं। उनके पिता नवीन कुमार पाठक कांट्रेक्टर और माता संगीता पाठक गृहिणी हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आया संशोधित परिणाम
पूर्व में CLAT 2025 का रिजल्ट 7 दिसंबर 2024 को जारी किया गया था, लेकिन कुछ प्रश्नों को लेकर आपत्ति जताई गई थी। दिल्ली हाईकोर्ट ने पाया कि दो उत्तर गलत थे और परिणामों में संशोधन का आदेश दिया था। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने 7 मई 2025 को अपने आदेश में दो प्रश्नों को हटाने और दो उत्तरों को संशोधित करने का निर्देश दिया। इसके बाद CNLU ने संशोधित परिणाम जारी किया। अब योग्य अभ्यर्थी CLAT काउंसलिंग-2025 में भाग लेने के पात्र होंगे।



















