Ranchi: झारखंड की राजनीति में एक बार फिर सियासी तूफान उठ गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री में हिम्मत है तो अवैध डीजीपी अनुराग गुप्ता के पूरे कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच कराएं।
“इतना भ्रष्ट डीजीपी झारखंड ने पहले कभी नहीं देखा”:
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में अनुराग गुप्ता जैसा भ्रष्ट डीजीपी पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि यह वीडियो किसी विरोधी दल के नेता का नहीं, बल्कि कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री का है, जो सरकार में आपके सहयोगी दल से हैं। इसमें उन्होंने डीजीपी अनुराग गुप्ता पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। मरांडी ने सवाल उठाया कि जब सत्तारूढ़ दल के ही लोग ऐसे आरोप लगा रहे हैं, तो मुख्यमंत्री अब तक कार्रवाई से क्यों बचते रहे?
“भस्मासुर बनकर अब आपको ही जला रहा है”:
बाबूलाल मरांडी ने तंज कसते हुए कहा कि हेमंत सोरेन ने जिस अधिकारी को सत्ता का संरक्षण दिया, वही अब उनके लिए खतरा बन गया है। आपने जिस भस्मासुर को पाला था, उसने अब आपको ही जलाने की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता को धोखा नहीं दे सकते। ऐसा लगता है कि आपने ‘सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे’ वाला रास्ता चुना है।
“जनता समझदार है, देर हुई तो नुकसान होगा”:
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उन्होंने अनुराग गुप्ता के खिलाफ सदन से सड़क तक आवाज उठाई, लेकिन सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया। अब जब वही अधिकारी आपको ब्लैकमेल करने लगा है, तब आपकी नींद टूटी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि अगर पद की गरिमा की चिंता है तो उच्चस्तरीय जांच कराएं और यह दिखाएं कि कानून सबके लिए बराबर है।
“भ्रष्ट अफसरों पर कार्रवाई जरूरी”:
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में कई आईएएस अधिकारी भ्रष्टाचार के कारण जेल जा चुके हैं, लेकिन एक भी भ्रष्ट आईपीएस या पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई। अगर सही जांच हो, तो कई पुलिस अफसरों के भ्रष्टाचार के कीर्तिमान सामने आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को डरने की नहीं, हिम्मत दिखाने की जरूरत है, ताकि जनता को विश्वास हो सके कि सरकार ईमानदारी से काम कर रही है।
रिपोर्टः मदन सिंह
Highlights


