वर्ल्ड कप के बाद नहीं करेंगे टी20 मैचों में कप्तानी
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली अगले महीने शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी छोड़ देंगे. हालांकि वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में विराट कोहली कप्तान बने रहेंगे और सभी फॉर्मेट में खेलना जारी रखेंगे. 17 अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में टी20 विश्व कप के मुकाबले शुरू होंगे।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर उन्होने इसकी घोषणा की है. अपने पोस्ट में विराट कोहली ने लिखा है, “ मैं न सिर्फ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए खुद को भाग्यशाली रहा हूं बल्कि अपनी पूरी क्षमता के साथ मैंने टीम का नेतृत्व भी किया है. मैं उन सभी का धन्यवाद देता हूं जिन्होने इस सफर में साथ दिया है. साथी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, सेलेक्टर्स, मेरे कोच और वो सभी भारतीय जिन्होने हमारी जीत के लिए प्रार्थना की, इन लोगों के बिना मैं यह नहीं कर सकता था.’’

विराट कहली ने अपने पोस्ट में आगे लिखा है, “ पिछले आठ-नौ सालों से मैं सभी क्रिक्ट के सभी प्रारूपों में खेल रहा हूं और पांच-छह सालों से कप्तानी कर रहा हूं. मुझे लगता है कि भारतीय टीम का नेतृत्व करने के लिए वक्त देने की जरूरत है ताकि पूरी तरह से खुद को तैयर कर सकूं.”
कोहली ने कोच रवि शास्त्री और उप कप्तान रोहित शर्मा का जिक्र करते हुए लिखा है कि इस निर्णय पर पहुंचने में उन्हे काफी वक्त लगा. रवि शास्त्री और रोहित शर्मा के साथ काफी विचार-विमर्श के बाद उन्होने ये फैसला लिया है. विराट ने कहा कि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, सचिव जय शाह के साथ-साथ चयनकर्ताओं से भी उन्होने बात की है.
वन डे और टेस्ट फॉर्मेट में विराट बने रहेंगे कप्तान
विराट कोहली ने अबतक 45 टी20 मैचों में कप्तानी की है. उनकी कप्तानी में टीम ने 25 मैच जीते हैं और 14 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. इस दौरान दो मुकाबले टाई रहे. महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद विराट कोहली को ये जिम्मेदारी सौंपी गई. टी20 वर्ल्ड कप में वो पहली बार कप्तानी करेंगे.
हाल के दिनों में विराट कोहली की बल्लेबाजी को लेकर भी कई लोगों ने सवाल उठाए. इसके बाद से मीडिया में इस बात के कयास भी लगाए जाने लगे कि विराट कोहली टी20 और वनडे फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ सकते हैं. ऐसा कर वो अपनी बल्लेबाजी पर फोकस कर सकेंगे. हालांकि ये चर्चा तक ही सीमित थी और इसको लेकर कभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया.अब विराट ने खुद ही टी20 फॉर्मेट में कप्तानी छोड़ने का एलान कर दिया है. माना जा रहा है कि वर्ल्ड कप के बाद उपकप्तान रोहित शर्मा को कोहली के बाद कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.
Highlights


















