Hazaribagh: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के परसातरी इलाके में उत्पाद विभाग ने गुरुवार देर रात अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना पर पहुंचे दस्ते ने मौके पर लगभग 5 से 10 लाख रुपये की शराब जब्त की, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया। लेकिन कार्रवाई के दौरान तस्करों ने विभाग की टीम पर हमला कर गिरफ्तार आरोपी और एक वाहन को छुड़ाकर फरार हो गए।
मौके पर हो रहा था शराब का ट्रांसफर:
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि तस्कर टेंपो से इको गाड़ी में अवैध शराब लोड कर रहे हैं और उसे बिहार भेजने की तैयारी चल रही है। रात करीब 10 बजे टीम के पहुंचते ही टेंपो और इको गाड़ी को जब्त कर लिया गया। टीम ने मौके से 720 बोतल ओल्ड मोंक रम बरामद की, जिसकी बाजार कीमत 5–10 लाख रुपये आंकी गई है। शराब को बिहार ले जाने की योजना बना रहे रंजीत यादव नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।
तस्करों ने किया हमला, ले गए गिरफ्तार आरोपी और वाहन:
कार्रवाई सुनसान और दूरस्थ इलाके में की जा रही थी, जिसका फायदा उठाते हुए शराब तस्करों ने अचानक विभाग की गाड़ी को ओवरटेक कर लिया। सहायक उत्पाद आयुक्त शिवकुमार साहू के अनुसार, पिंटू यादव, पप्पू यादव, रंजीत यादव और उनके 6–7 साथियों ने टीम पर हमला किया और टेंपो व गिरफ्तार व्यक्ति को जबरन छुड़ाकर भाग निकले। हालांकि इको वाहन और उसमें मौजूद 720 बोतल रम को टीम सुरक्षित रूप से थाना कार्यालय ले जाने में सफल रही।
FIR दर्ज, मुख्य आरोपी फरार:
इस पूरे प्रकरण में मुख्य रूप से पिंटू यादव, पप्पू यादव और रंजीत यादव के खिलाफ न्यायालय में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। इसके अलावा चौपारण थाना में भी सरकारी कार्य में बाधा, हमला और वाहन छुड़ाने के मामले में अलग FIR दर्ज कराई जा रही है। हमला करने वाले सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। उत्पाद विभाग द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस इनके खिलाफ सर्च अभियान चलाएगी।
रिपोर्टः शशांक शेखर
Highlights


