Bihar Administrative Review, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। अधिकारियों को जनता के प्रति सम्मान का भाव रखते हुए उनके साथ संवाद का मजबूत तंत्र विकसित करना चाहिए, ताकि शासन और जनता के बीच विश्वास और मजबूत हो सके। मुख्यमंत्री शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय के ‘संवाद’ सभागार में आयोजित जिलाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन के दूसरे दिन सहयोग कार्यक्रम, नगर विकास एवं आवास, वित्त, ऊर्जा, युवा रोजगार एवं कौशल, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, खेल, पर्यटन तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे।
6 महीने में भूमि विवाद और परिमार्जन के मामलों का होगा निपटारा
मुख्यमंत्री ने परिमार्जन और भूमि विवाद से जुड़े लंबित आवेदनों का अगले छह महीने के भीतर शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि ‘सहयोग कार्यक्रम’ के तहत अब तक 10 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 98.44 प्रतिशत का निष्पादन किया जा चुका है। इस पर उन्होंने संतोष जताया और जिलाधिकारियों को जिला स्तर पर लंबित मामलों की स्वयं निगरानी करने को कहा। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं पर स्पष्ट निर्णय लेने और विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रमंडलीय आयुक्त और जिलाधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करें, निचले स्तर तक जाकर बैठकें करें और प्रशासनिक सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं।
थानों, प्रखंड और अंचल कार्यालयों में लगेंगे CCTV कैमरे
प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी थानों, प्रखंड और अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनके माध्यम से पूरी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत सरकार भवनों में अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य करने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विभिन्न शिविरों और पंचायत विकास दिवस के आयोजनों में सक्रिय रूप से शामिल होने को कहा। साथ ही प्रमंडलीय आयुक्तों को जिला स्तरीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी बल दिया।

शहरों में सिग्नेचर रोड और मॉडल सोलर गांव बनाने की तैयारी
नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सैटेलाइट टाउनशिप की योजनाओं पर तेजी से काम करने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ प्रत्येक शहर का गैप एनालिसिस करने का निर्देश दिया, ताकि बुनियादी सुविधाओं की कमियों को दूर किया जा सके। इसके अलावा हर शहर में कम से कम दो सिग्नेचर रोड विकसित करने और सुव्यवस्थित बस स्टैंड की योजना तैयार करने को कहा। ऊर्जा विभाग की समीक्षा में पीएम-कुसुम, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और मुख्यमंत्री सौर प्रोत्साहन योजना-2026 के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 15 दिसंबर तक प्रत्येक जिले में एक गांव चिह्नित कर उसे मॉडल सोलर गांव के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जाए। इसके लिए सौर ऊर्जा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

युवाओं को बाजार की मांग के अनुसार दिया जाएगा कौशल प्रशिक्षण
युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बाजार की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने जिला कौशल समितियों को स्थानीय उद्योगों के साथ जोड़ने और नियमित बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया। पीएम सेतु योजना के तहत प्रमुख क्षेत्रों की पहचान कर नए कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की बात भी कही। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग को राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने जन वितरण प्रणाली की नियमित जांच करने को कहा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि लाभुकों को निर्धारित पांच किलोग्राम अनाज मिल रहा है या नहीं।

पर्यटन और खेल के विकास पर भी मुख्यमंत्री का जोर
मुख्यमंत्री ने राज्य में खेल, पर्यटन और ईको टूरिज्म की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने प्रत्येक जिले को अपना पर्यटक सूचना ब्रोशर तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि जिले के पर्यटन स्थलों और उनसे जुड़ी जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके। समापन सत्र में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिलाधिकारी के रूप में काम करने का अवसर एक बड़ी जिम्मेदारी है। अधिकारियों को जिले के लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरने और उनके साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार को बदलने और आगे बढ़ाने में अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जितना अधिक अधिकारी जनता के बीच समय देंगे, उतना बेहतर तरीके से जिले की समस्याओं और विकास कार्यों का समाधान कर सकेंगे। बैठक के समापन पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंटकर अभिनंदन किया। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त और सभी जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















