Bihar Agriculture Scientists: बिहार के वैज्ञानिकों में कृषि की समस्याएं सुलझाने की क्षमता, मंत्री श्रवण कुमार ने बताई आगे की राह

Bihar Agriculture Scientists, पटना: बिहार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राज्य के वैज्ञानिकों में कृषि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान खोजने और नई तकनीक विकसित करने की पर्याप्त क्षमता है। जरूरत इस बात की है कि कृषि अनुसंधान का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े किसानों तक पहुंचे। मंत्री रविवार को बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (आईएयूए) के स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन एवं ‘एडवांसमेंट्स फॉर नेक्स्ट जेनरेशन एग्रीकल्चर’ (एएनजीए-2026) सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि किसी भी कृषि विश्वविद्यालय की सफलता का वास्तविक मूल्यांकन इस बात से होता है कि उसके अनुसंधान का लाभ किसानों तक कितना पहुंच रहा है। इस दिशा में बिहार कृषि विश्वविद्यालय का प्रसार और प्रशिक्षण कार्य उल्लेखनीय है। विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से किसानों, ग्रामीण युवाओं, महिला कृषकों और कृषि प्रसार कर्मियों को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

किसान चौपाल और डिजिटल माध्यमों से किसानों तक पहुंचेगी तकनीक

श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय ने किसान चौपाल, किसान ज्ञान रथ, सामुदायिक रेडियो, डिजिटल माध्यमों और खेतों में प्रदर्शन के जरिए वैज्ञानिक जानकारी किसानों तक पहुंचाने के प्रयास किए हैं। इन गतिविधियों को और प्रभावी बनाने की जरूरत है, ताकि नई तकनीक और अनुसंधान का सीधा लाभ किसानों को मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं को कृषि आधारित उद्यमिता से जोड़ना समय की मांग है। विश्वविद्यालय ने गांवों को गोद लेकर कृषि विकास के साथ पोषण, स्वास्थ्य और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में भी काम किया है। कुपोषण उन्मूलन पहल के तहत कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा गांवों में पोषण वाटिका, सब्जी उत्पादन, फलदार पौधों का वितरण, पोषण जागरूकता, स्वास्थ्य परीक्षण और ग्रामीण महिलाओं के प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

कृषि आधारित महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा

मंत्री ने कहा कि बिहार में जीविका के माध्यम से महिलाओं, युवाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम हो रहा है। पशुपालन, बकरी पालन, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, सिलाई-कढ़ाई और छोटे व्यवसाय ग्रामीण परिवारों की आय के महत्वपूर्ण साधन बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए जीविका स्वयं सहायता समूह अभियान का विस्तार हुआ है। आज राज्य में 13 लाख स्वयं सहायता समूह हैं और 1 करोड़ 82 लाख परिवार इससे जुड़े हैं। महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय और जीविका के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कृषि आधारित महिला उद्यमिता को नई दिशा दी जा सकती है। मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, मखाना प्रसंस्करण, सब्जी उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, प्राकृतिक रंग और फल संरक्षण जैसी गतिविधियों में महिला समूहों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा सकता है।

Bihar Agriculture Scientists 4

कृषि स्टार्टअप और आधुनिक तकनीक से जुड़ें ग्रामीण युवा

मंत्री ने ग्रामीण युवाओं को कृषि स्टार्टअप, कृषि यंत्रीकरण, ड्रोन तकनीक और डिजिटल कृषि प्रसंस्करण से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित तकनीकों को ग्रामीण विकास विभाग, जीविका, पंचायतों और कृषि विभाग के सहयोग से गांव-गांव तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास केवल सड़क, आवास और बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। रोजगार, पोषण, शिक्षा, स्वच्छता, आजीविका और आर्थिक आत्मनिर्भरता भी ग्रामीण विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। बिहार कृषि विश्वविद्यालय को अधिक से अधिक गांवों में वैज्ञानिक कृषि, पोषण सुरक्षा और ग्रामीण विकास के मॉडल विकसित करने की दिशा में काम करना चाहिए।

Bihar Agriculture Scientists 3

किसान समृद्ध होंगे, तभी विकसित होगा बिहार

श्रवण कुमार ने कहा कि ग्रामीण विकास और कृषि विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। जब किसान समृद्ध होंगे, तभी बिहार का विकास होगा। ग्रामीण विकास विभाग विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गांवों में आधारभूत संरचना, आजीविका, महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे कृषि को केवल पारंपरिक व्यवसाय के रूप में न देखें, बल्कि इसे विज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता के बड़े अवसर के रूप में समझें। विद्यार्थी वैज्ञानिक, कृषि उद्यमी और स्टार्टअप संचालक बनकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं। उनका ज्ञान तभी सार्थक होगा, जब उससे किसान और समाज लाभान्वित होंगे।

Bihar Agriculture Scientists 2

सम्मेलन में कृषि विशेषज्ञों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों की रही मौजूदगी

मंत्री ने कहा कि भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ का स्वर्ण जयंती सम्मेलन पिछले 50 वर्षों की उपलब्धियों से सीखने और भविष्य की कृषि के लिए नई दिशा तय करने का अवसर है। उन्होंने बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के शिक्षा, अनुसंधान, प्रसार, प्रशिक्षण, पेटेंट, फसल किस्मों के विकास और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डीआर सिंह, आईसीएआर के उप महानिदेशक डॉ. यशपाल मलिक, आईसीएआर के पूर्व डीडीजी डॉ. केडी कोकाटे, एनडीडीबी के सलाहकार डॉ. ओमवीर सिंह, चयन एवं निवेश समिति के अध्यक्ष डॉ. केबी अय्यर और आयोजन सचिव डॉ. अंशुमान कोहली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जदयू के प्रदेश सचिव सुड्डू साई, शबाना दाउद, जदयू नेत्री रोजी रानी, डॉ. प्रीति, शबान तथा विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कई वैज्ञानिक और कृषि विशेषज्ञ भी सम्मेलन से जुड़े।

Bihar Agriculture Scientists 1

यह भी पढ़ें: Pakur Sunday on Cycle: फिट इंडिया अभियान के 100वें संडे ऑन साइकिल में शामिल हुए छात्र-छात्राएं, जानिए क्या रहा खास

यह खबर शेयर करें
FacebookXTelegram

Littipara Police Cycle Rally: लिट्टीपाड़ा में पुलिस की साइकिल रैली, फिटनेस...

Littipara Police Cycle Rally: फिट इंडिया मूवमेंट के तहत रविवार को लिट्टीपाड़ा थाना परिसर से पुलिस की ओर से साइकिल रैली निकाली गई। रैली...

Pakur Sunday on Cycle: फिट इंडिया अभियान के 100वें संडे ऑन...

Pakur Sunday on Cycle: फिट इंडिया अभियान के तहत पाकुड़ जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम के 100वें संस्करण...

Sahibganj Fit India Cycling Rally: सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य का संदेश...

Sahibganj Fit India Cycling Rally: फिट इंडिया अभियान की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर जैप-9 वाहिनी परिसर से साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। वाहिनी...