हजारीबाग: BSNL की एक चौंकाने वाली गलती सामने आई है। चौपारण प्रखंड के बनऊ गांव निवासी सुदामा कुमार सिंह को BSNL ने 4909 रुपये के बकाया बिल की नोटिस भेज दी है, जबकि जिस टेलीफोन कनेक्शन का बकाया बताया गया है, वह 1980 में जारी हुआ था और सुदामा का जन्म 1984 में हुआ था।
कभी लिया ही नहीं टेलीफोन कनेक्शन, फिर भी नोटिस भेजा गया
सुदामा कुमार सिंह का कहना है कि उनकी जन्मतिथि 5 जून 1984 है, जबकि BSNL के रिकॉर्ड में फोन नंबर 6547209216 को वर्ष 1980 में जारी बताया गया है। इस कनेक्शन का विच्छेद 8 मार्च 2013 को दर्ज है।
उन्होंने बताया कि 1980 में उनके गांव और आसपास के 5-10 किलोमीटर क्षेत्र में भी टेलीफोन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने कभी भी BSNL से कोई टेलीफोन कनेक्शन नहीं लिया है।
अब विधिक सेवा प्राधिकरण से भी आया नोटिस, मानसिक परेशानी में पीड़ित
सुदामा को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सिविल कोर्ट गिरिडीह से भी नोटिस प्राप्त हुआ है, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने BSNL के उप महाप्रबंधक (परिचालन), हजारीबाग को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज कराते हुए मामले की जांच कर स्पष्टता की मांग की है।
साथ ही, चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस त्रुटि को सुधारा नहीं गया, तो वे न्यायालय की शरण लेंगे।
बिना आधार के बकाया वसूली से नाराज उपभोक्ता
उल्लेखनीय है कि BSNL की ओर से पुराने बकाया की वसूली का अभियान इन दिनों चलाया जा रहा है। लेकिन इसमें कई ऐसे लोगों को भी नोटिस मिल रहे हैं, जिन्होंने कभी टेलीफोन कनेक्शन लिया ही नहीं।
इस तरह की घटनाएं BSNL की गंभीर लापरवाही और डेटा रिकॉर्डिंग प्रणाली की खामियों को उजागर कर रही हैं, जिससे उपभोक्ता खासे नाराज हैं।
Highlights


















