रांची: बंगाल की खाड़ी में बने एंटी साइक्लोन (प्रति चक्रवात) के कारण रांची समेत राज्य का मौसम फिर से बदल गया है। रांची का न्यूनतम तापमान सात डिग्री पर पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के मध्य हिस्से रांची, गुमला, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी और दक्षिणी हिस्से पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में बादल छाए हुए हैं। इस वजह से 24 जनवरी को उक्त जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
हालांकि, बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में जहां दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। अगले तीन दिनों तक कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पलामू में सुबह में थोड़ा कोहरा छाया रहेगा, वहीं बिहार से सटे झारखंड के क्षेत्रों में भी कोहरे का असर रहेगा।
मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री, न्यूनतम 7 डिग्री, जमशेदपुर का अधिकतम 23.9 डिग्री न्यूनतम 9 डिग्री और डालटनगंज का अधिकतम 23.4 डिग्री और न्यूनतम 6.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
29 जनवरी तक सुबह में कोहरा मौसम केंद्र की पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार 24 से 29 जनवरी तक सुबह में कोहरा व धुंध के बाद आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा।
25 जनवरी से कोहरे और धुंध के बाद आसमान साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम सात से आठ डिग्री रहने के आसार हैं।
इधर, विमान सेवाओं पर पड़ा असर दूसरे राज्यों में कोहरे का असर विमान सेवाओं पर पड़ा है। दिल्ली, पटना से आनेवाली फ्लाइट लेट आई है, क्योंकि दिल्ली और पटना में कोहरे की वजह से विमान लेट से उड़ान भर रहे हैं।
इसी वजह से रांची आनेवाला विमान लेट आया। इसके साथ ही यहां से उड़ान भी लेट से हुई।


















