मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पर ईडी ने कसा शिकंजा
रांची : ईडी ने अवैध खनन मामला और मनी लाउंड्रिंग के आरोप में पंकज मिश्रा सहित तीन के
खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा,
सत्ता के गलियारों के करीबी प्रेम प्रकाश और बच्चू यादव के खिलाफ शुक्रवार को आरोप पत्र दायर किया गया.
पांच हजार पन्नों का यह आरोप पत्र विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की अदालत में दाखिल किया गया.
कोर्ट अगली तारीख को चार्जशीट पर संज्ञान के बिंदु पर सुनवाई करेगी.
ईडी ने पंकज की गिरफ्तारी के 60वें दिन चार्जशीट दाखिल की है.
पंकज मिश्रा को 19 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था.
प्रेम प्रकाश पर मनी लाउंड्रिंग का आरोप
जानकारी के अनुसार, चार्जशीट में स्पष्ट हो गया है कि पंकज मिश्रा ने अवैध खनन में
सहयोगियों के साथ मिलकर करोड़ों की मनी लाउंड्रिंग की है. प्रेम प्रकाश ने मनी लाउंड्रिंग की है.
प्रेम प्रकाश ने मनी लाउंड्रिंग के लिए वसूली एजेंट की भूमिका निभाई.
बच्चू यादव ने पंकज के साथ मिलकर काली कमाई को चल-अचल संपत्तियों में निवेश किया.
ईडी ने मनी लाउंड्रिंग से संबंधित ठोस सबूत भी दस्तावेज के तौपर संलग्न किया है. ईडी ने साहिबगंज के कई पत्थर खदानों के ड्रोन फोटोग्राफ व गूगल मैप की तस्वीरों को भी दस्तावेजों में शामिल किया है. ईडी ने यह भी लिखा है कि केस में अन्य आरोपियों के विरुद्ध जांच जारी है.
अवैध खनन मामला: 5.34 करोड़ रुपए ईडी ने किया था जब्त
ईडी ने आठ जुलाई को साहिबगंज, बरहेट, राजमहल और बड़हरवा में छापेमारी की थी. तब ईडी ने 5.34 करोड़ नकद जब्त किया था. ईडी ने एक जहाज जिसकी कीमत करीब 30 करोड़ रुपए बताई गई थी, उसे भी जब्त किया था. कई क्रशर व तीन हाईवा भी जब्त किया था. पंकज मिश्रा व उनके सहयोगियों से जुड़े 50 बैंक खातों में पड़े 13.32 करोड़ रुपए को भी सीज किया गया था. छानबीन के बाद ही 19 जुलाई को ईडी ने पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया. तब से ही वह न्यायिक हिरासत में हैं और इलाजरत है.
अवैध खनन मामला: प्रेम प्रकाश के ठिकाने से मिले थे दो एके-47 व 60 कारतूस
छापेमारी के दौरान ईडी ने 25 अगस्त को प्रेम प्रकाश को भी गिरफ्तार किया था. प्रेम प्रकाश के ठिकाने से ईडी को छापेमारी के दौरान रांची पुलिस के दो एके-47 और 60 कारतूस भी मिले थे. वहीं बच्चू यादव को चार अगस्त को गिरफ्तार किया गया था.

















