मधेपुराः मधेपुरा सदर प्रखंड में एक मुखिया प्रत्याशी के समर्थकों ने सम्पूर्ण पंचायत में मुखिया पद के लिए फिर से मतदान कराने की मांग को लेकर समाहरणालय चौक को जाम कर दिया.
बता दें कि मधेपुरा, सदर प्रखंड में 29 सितंबर को मतदान हुआ था, जबकि एक अक्टूबर मतगणना करवाई गई थी. मतगणना के दौरान पाया गया कि मुरहो पंचायत के मतदान केंद्र संख्या-212 पर मुखिया पद के लिए EVM में तकनीकी गड़बड़ी के कारण सारा डाटा डिलीट हो गया है. इसके कारण परिणाम की घोषणा पर रोक लगा दी थी.
जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, मधेपुरा ने निर्वाचन आयोग, पटना को मामले की जानकारी देते हुए दिशा-निर्देश की मांग की. इसी के आलोक में चुनाव आयोग ने मतदान केंद्र संख्या 212 पुनर्मतदान का आदेश दिया. पुर्नमतदान कराने की खबर सुनते ही मतगणना में पिछड़ रही मुखिया प्रत्याशी सपना भारती के समर्थकों ने संपूर्ण पंचायत में फिर से मतदान कराने की मांग को लेकर घण्टों प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विरोधी पक्ष ने बीडीओ और सीओ से मिलकर EVM को डिलीट कर दिया है. इसलिए संपूर्ण पंचायत में मुखिया पद के लिए मतदान करवाया जाय या डिलीट हुए वोट को एक्सपर्ट से रिस्टोर करवाया जाय.


















