रांची: झारखंड में ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में कोहरे और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 9 और 10 दिसंबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
ला-नीना और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज में मेघगर्जन के साथ कोहरा छाए रहने की संभावना है।
तापमान में उतार-चढ़ाव:
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तीन दिनों के भीतर तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।
राजधानी में बादल और बारिश:
9 और 10 दिसंबर को रांची में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रात के समय तापमान गिरने से ठंड बढ़ जाएगी, जिसके चलते लोग शाम होते ही घरों में सिमटने लगेंगे।
पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक प्रभाव:
अभिषेक आनंद के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा और लातेहार में बादल छाए रहेंगे। इन क्षेत्रों में हल्की हवा के साथ शीतलहर जैसी स्थिति बनने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम में सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।



















