पार्टी चुनाव चिन्ह वाली टोपी पहन विधानसभा पहुंचे सीपी सिंह
रांची : पार्टी चुनाव चिन्ह वाली टोपी पहन विधानसभा पहुंचे सीपी सिंह- झारखंड विधानसभा के
बजट सत्र के दौरान उस समय अजीबो गरीब स्थिति हो गई
जब बीजेपी विधायक सीपी सिंह पार्टी चुनाव चिन्ह वाली टोपी पहन सदन में पहुंचे.
हुआ यूं कि पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने टोपी पर कमल फूल का चिन्ह लगाकर विधानसभा पहुंचे.
जिसपर मंत्री बन्ना गुप्ता ने प्रश्न उठाया.
उन्होंने कहा कि बीजेपी विधायक के द्वारा पार्टी सिंबल वाला टोपी पहनकर नहीं आ सकते हैं.
दरअसल सीपी सिंह ने जो टोपी पहनी थी उसमें उनकी पार्टी का सिंबल खिलता हुआ कमल था.
इस पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि यह पार्टी का सिंबल है यह सदन में नहीं चलेगा.
सीपी सिंह ने कहा कि मेरी टोपी में खिलता हुआ कमल है. विपक्ष को इससे परेशानी नहीं होनी चाहिए. तब स्पीकर ने कहा कि सीपी सिंह जी आप अब टोपी रख दीजिए बहुत हो गया. सीपी सिंह ने कहा कि स्पीकर महोदय बताइए आखिर मेरी टोपी से क्या परेशानी है?
पार्टी सिंबल का टोपी पहनकर आना संसदीय परंपरा नहीं
इस पर सीपी सिंह ने कहा कि ये असंसदीय नहीं है. न ही कोई नियम है कि टोपी पहनकर नहीं आ सकते. मेरे टोपी को उछालने में आपलोगों को क्यों मजा आ रहा है. इस पर संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि पार्टी सिंबल का टोपी पहनकर आना संसदीय परंपरा नहीं है. इसलिए किसी भी सदस्य को टोपी पहनकर सदन में नहीं आना चाहिए. इसके बाद स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो ने सीपी सिंह के टोपी को रखवाया.
स्पीकर के निर्देश पर सीपी सिंह ने टोपी हटाया
जब सीपी सिंह की टोपी पर चर्चा हो रही थी उस वक्त विधायक समीर कुमार मोहंती अपना तारांकित प्रश्न सदन में रख रहे थे. सदन के बाधित होने पर मोहंती ने कहा कि इन सब नौटंकी से बहुत समय बर्बाद हो जाता है. बाद में स्पीकर के निर्देश पर सीपी सिंह ने टोपी तो मार्शल को सौंप दी, लेकिन विपक्ष को खिलता हुआ कमल दिखाकर चिढ़ाने लगे.
रिपोर्ट : मदन सिंह
By-Poll Results 2022: चार राज्यों की पांच सीटों पर काउटिंग शुरू, इन प्रत्याशियों पर है सभी की नजर


















