Seva Sankalp Abhiyan Bihar 2026: बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य के विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव और सचिव मौजूद रहे, जबकि सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक में अभियान के 13 प्रमुख घटकों की विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी अभियान की शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत राज्य के प्रत्येक घर के साथ हर जिले में कम से कम 10 प्रमुख और प्रतीकात्मक सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। दीया पहुंचाने की व्यवस्था जीविका, नगर निकायों और जन वितरण प्रणाली के माध्यम से की जाएगी। वहीं 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके तहत ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसी दौरान अभिभावक-शिक्षक बैठक यानी PTM भी आयोजित की जाएगी।
नुक्कड़ नाटक और आंगनवाड़ी केंद्रों पर होंगे कार्यक्रम
जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘सेवा स्मरण’ के तहत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों और योजनाओं पर आधारित 18 से 20 नाट्य टोलियां गठित की जाएंगी। ये टोलियां स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी। 2 अक्टूबर को विशेष मंचन भी किया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होगा। इसमें आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थी माताओं से संवाद, बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां तथा पोषण और स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
योजनाओं के लाभ की कहानियां होंगी डिजिटल
सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को सामने लाने के लिए ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके तहत वास्तविक रील्स और लघु वीडियो एकत्र कर जिला और राज्य स्तर पर डिजिटल डेटा-बैंक तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत राज्य और जिलों में पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां आयोजित होंगी। इनमें ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे। यात्रा के समापन पर ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। राष्ट्रव्यापी ‘वडनगर से वाराणसी (जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा)’ के बिहार से गुजरने के दौरान पड़ाव स्थलों पर स्वागत, सुरक्षा, ठहरने और स्थानीय लाभार्थियों से संवाद की व्यवस्था भी की जाएगी।

‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में मिलेगा योजनाओं का लाभ
जनभागीदारी बढ़ाने के लिए ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत तालाबों और छठ घाटों की सफाई, वृक्षारोपण तथा स्वच्छता से जुड़ी 25 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रत्यक्ष बदलाव सुनिश्चित करने की योजना है। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र की 26 प्रमुख योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का मौके पर ही निष्पादन करने की व्यवस्था होगी।
युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए ‘नवाचार चुनौती’
स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान तलाशने के लिए ‘नवाचार चुनौती’ शुरू की जाएगी। उद्योग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और स्टार्टअप्स से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इसके अलावा ‘जनसेवक महाकुंभ’ के तहत पंचायतों और नगर निकायों के सक्रिय एवं योग्य प्रतिनिधियों की सूची तैयार कर उनकी राज्यस्तरीय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अंतिम घटक ‘25 साल, 25 कहानियां (राष्ट्रीय अनबॉक्सिंग)’ के तहत राज्य और जिला स्तर की प्रमुख उपलब्धियों से जुड़ी तथ्यात्मक सामग्री तथा क्यूरेटेड किट्स को राष्ट्रीय स्तर पर समयबद्ध तरीके से भेजने की तैयारी है।

मार्च 2027 तक चलेगा सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान
मुख्य अभियान के साथ बिहार में 17 सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ भी चलेगा। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज तथा नगर विकास एवं आवास विभाग से जुड़े कार्य किए जाएंगे। बैठक में संबंधित विभागों को सभी मरम्मत कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। सरकारी भवनों का रंग-रोगन दिवाली तक पूरा करना होगा, जबकि स्वीकृत नए निर्माण कार्यों को मार्च 2027 तक पूरा करने की समय सीमा तय की गई है।


















