सासाराम : रोहतास पुलिस की विशेष टीम ने टॉप-10 सूची में शामिल 25 हज़ार रुपए के इनामी अपराधकर्मी उज्जवल कुमार को सासाराम नगर थानाक्षेत्र के स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय डेहरी में प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए रोहतास एसपी विनीत कुमार ने बताया कि पांच मार्च 2022 की सुबह तकरीबन 9:00 बजे मुन्ना चौधरी पिता स्वर्गीय मुंद्रिका चौधरी को दरिगांव थाना क्षेत्र के एनएच-2 पर महरानियां प्लांट के महेश ढाबा के समीप अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा अपहरण कर लिया गया था।
अपहरणकर्ताओं के द्वारा अपहत परिजन से डेढ़ करोड़ रुपए फिरौती की मांग की गई थी। जिसमें दरिगांव ओपी थाना कांड संख्या-183/ 22 दर्ज किया गया था। उक्त कांड को रोहतास एसपी विनीत कुमार द्वारा काफी गंभीरता से लिया गया। घटना में शामिल अभियुक्त के त्वरित गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष दरीगाँव ओपी एवं जिला सूचना इकाई की एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित विशेष टीम के द्वारा जगह-जगह पर लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि उक्त कांड में सनलिप्त अपराधकर्मी सासाराम नगर थाना स्थित स्टेशन के पास छिपा हुआ है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहतास पुलिस की विशेष टीम ने उज्जवल कुमार पिता रवि सिंह उर्फ रवि शंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधकर्मी द्वारा इस कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
बताते चले कि इसके पूर्व में भी इस कांड में सम्मिलित नौ अपराधकर्मियों को रोहतास पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज चुकी है। वही रोहतास एसपी विनीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी टीम में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को स्थानीय स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा एवं राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए पुलिस मुख्यालय से अनुरोध किया जाएगा।
अविनाश श्रीवास्तव की रिपोर्ट

















