नई दिल्ली: केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली CUET के 19 से 24 मई तक होने वाले चरण के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। इस बार परीक्षा प्रक्रिया में एक बड़ा बदलाव किया गया है CUET का स्कोर अब पर्सेंटाइल फॉर्मेट में जारी किया जाएगा, जिससे एक ही अंक पाने वाले छात्रों के बीच टाई की समस्या समाप्त हो जाएगी।
बीते वर्षों में जब छात्रों को अंक के आधार पर रैंकिंग दी जाती थी, तब टाई की स्थिति में बोर्ड एग्जाम के अंकों को वेटेज दिया जाता था। इससे सीबीएसई जैसे राष्ट्रीय बोर्ड के छात्रों को अतिरिक्त लाभ मिल जाता था। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के एफिलिएटेड कॉलेजों में अब तक सीबीएसई के छात्रों का वर्चस्व बना रहा है।
पर्सेंटाइल स्कोरिंग प्रणाली से अब सभी बोर्डों के छात्रों को समान अवसर मिलेगा। इससे पहले कई राज्य बोर्ड के टॉपर्स को भी डीयू में सीट नहीं मिल पाती थी क्योंकि कट-ऑफ 99% तक जाती थी।
एनटीए देगा आठ डेसीमल तक स्कोर:
जेईई मेन की तरह CUET का स्कोर भी आठ डेसीमल तक पर्सेंटाइल में दिया जाएगा, ताकि टाई की कोई संभावना न रहे। इससे प्रत्येक छात्र को एक यूनिक स्कोर मिलेगा, जो उसकी सटीक रैंकिंग सुनिश्चित करेगा।
न्यूनतम आयु सीमा नहीं, गैप ईयर वाले भी पात्र:
डीयू द्वारा जारी एडमिशन ब्रोशर के अनुसार, प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। इसके साथ ही 12वीं कक्षा के बाद एक साल का गैप लेने वाले छात्र भी डीयू में आवेदन के पात्र होंगे।
ऑनलाइन मोड में हो रही परीक्षा:
CUET 2025 की परीक्षाएं पूरी तरह ऑनलाइन मोड में आयोजित की जा रही हैं। अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड वेबसाइट से डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।


















