बोकारो. जिले में मतदान कराकर लौट रही पोलिंग पार्टी की बस की चपेट में आने से एक साइकिल सवार घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर 12 थाना अंतर्गत बोकारो-रामगढ़ हाईवे के बिरसा वासा चौक के पास बुधवार शाम मतदान केंद्र से पोलिंग पार्टी को लेकर लौट रही बस (जिसका नंबर JH 09E 9824 है) की चपेट में आने से साइकिल सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जख्मी की पहचान हरला थाना क्षेत्र के लेवाटांड़ निवासी 40 वर्षीय रामदेव रजवार के रूप में की गई है। जिसे स्थानीय लोगों व स्थानीय सेक्टर 12 पुलिस की मदद से पास के मेडिकेंट अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मौके पर पहुंचे सेक्टर 12 इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र सिंह ने बताया कि स्थिति नाजुक है। घायल का इलाज चल रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बोकारो से चुमन कुमार की रिपोर्ट



















