रांची: शहर में फर्जी नंबर प्लेट का मामला बढ़ता जा रहा है, जिससे आम लोग बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। हाल ही में डोरंडा स्थित कुसई कॉलोनी के निवासी राहुल कुमार ने जन शिकायत निवारण केंद्र में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। राहुल का कहना है कि उनकी स्कूटी का नंबर जेएच 01 डीडी 6483 किसी अन्य व्यक्ति द्वारा फर्जी तरीके से अपनी गाड़ी में लगाया गया है। इससे हर बार जब वह व्यक्ति ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता है, तो चालान राहुल के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पते पर पहुंचता है।
राहुल के अनुसार, उनकी गाड़ी घर में खड़ी है और वह ट्रैफिक नियमों का पालन कर रहे हैं, फिर भी उन्हें लगातार चालान मिल रहे हैं। इस संदर्भ में उन्होंने ट्रैफिक पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। निराश होकर राहुल ने जन शिकायत निवारण केंद्र का रुख किया, जहां पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह एक गंभीर मामला है, जहां किसी ने राहुल कुमार की गाड़ी का नंबर प्लेट फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर रहा है। एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने राहुल को आवेदन देने के लिए कहा है, जिसके आधार पर सभी फर्जी चालानों को रद्द कर दिया जाएगा।
इस तरह की घटनाएं शहर में आम होती जा रही हैं, जहां फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है, और असली मालिकों को बेवजह परेशान होना पड़ता है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि इस तरह के किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।


















