संदीप कुमार शर्मा, निरसा/धनबाद
निरसा:निरसा विधानसभा के कुहका स्थित फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित भाजपा की संकल्प यात्रा सह जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 2014 में नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो महिलाओं, गरीबों, मजदूरों को चिंता की. महिलाओं के लिये इज्जत घर शौचालय, गैस व चूल्हा, गरीबों के लिये पीएम आवास देने का कार्य किया.
गरीबों का खाता जनधन योजना के तहत खोलवा कर कोरोना काल से पहले व बाद तक सभी योजनाओं का सीधा लाभ उनके खातों में देने का कार्य किया. राशन उन्हें देने का कार्य किया. हेमंत सोरेन ने गरीबों का अनाज बाजार में बेचकर अपने व्यक्तिगत खाते में भर लिया.
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर गैस के लिये 200 रुपये की सब्सिडी दी. देश के कुम्हार, बढ़ई, लोहार, सोनार, नाई आदि सभी के लिये 13 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया.
उन्हें प्रशिक्षण देने एवं प्रशिक्षण के दौरान 500 रुपये मेहनताना व किट्स तक का लाभ व लोन देने का ऐलान किया. प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिये महिला आरक्षण बिल 33 फीसदी पास किया. अब महिलाएं संसद व विधानसभा में भी अपना बेहतर प्रतिनिधित्व करेंगी.
जिस धरती पर महिलाओं की पूजा होती है वहां भगवान भी जन्म लेने के लिये तरसते हैं. यह भारत वर्ष है जहां प्रधानमंत्री महिलाओं को सम्मान देते हैं.उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों में झारखण्ड में कोई विकास नहीं हुआ. विकास भाजपा के शासन काल में हुआ था. भाजपा ने अपने शासन काल में सड़कें, पुल-पुलिया सब बनाया.
शादी-विवाह में लोग दुल्हन लाने वाहन से गये. पहले ऐसी व्यवस्था नहीं थी. प्रधानमंत्री ने गांव-गांव तक बिजली पहुंचाई. हेमंत सोरेन सरकार बताये कि सोनुवा, सारंडा आदि क्षेत्र की सड़कें बनने के साथ क्यों टूट गई. सरकार व विभागीय अधिकारी मिलकर लूट लिये. अगर हमारी सरकार आयी तो हम नियुक्ति नहीं दे पाये तो बेरोजगारों को नियुक्ति भत्ता देंगे.
आज स्कूलों में शिक्षक, अस्पतालों में चिकित्सक व दवा तक नहीं है. इस सरकार ने अपराधी व माफियाओं को हेमंत सोरेन ने वसूली में लगा दिया है. यहां महिलाएं, व्यापारी, व्यवसायी कोई सुरक्षित नहीं हैं. खुलेआम अपराध व हत्यायें हो रही हैं. दूसरे राज्य का बॉर्डर खुला है.
खुलेआम तस्करी जारी है एवं पुलिस वसूली में लगी है. ब्लॉक से लेकर जिला कार्यालय तक में किसी कार्य के लिये पैसा देना पड़ता है. राशन कार्ड में नाम जोड़ने के लिये भी पैसा लिया जाता है.
ऐसे में भ्रष्टाचार कैसे समाप्त होगा. मुख्यमंत्री व मंत्री ट्रांस्फार-पोस्टिंग में पैसा लेना बंद कर दे तो भ्रष्टाचार नहीं होगा. झारखंड के धनबाद जिला में कोयला, बालू, लोहा, जमीन आदि की लूट मची है यहाँ पर जो SSP बैठे हुए है उन्हें खुद हेमंत सोरेन ने बिठाया है ताकि खुल कर लूट हो सके इसी कारण उनका तबादला भी यहाँ से नहीं किया जा रहा है
















