पटना : मंगलवार को बिहार कैबिनेट की बैठक हुयी, कैबिनेट ने 17 एजेंडों पर मुहर लगायी। शेखपुरा सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ अंजनी कुमारी को 2011 से लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप में सेवा से बर्खास्त किया गया है। आदर्श केंद्रीय कारा बेउर एवं मंडल कारा हाजीपुर में पायलट परियोजना के रूप में मोबाइल फोन जैमर लगाने की स्वीकृति दी गई है। अधिष्ठापन के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड द्वारा समर्पित 19 करोड़ 52 लाख ₹566 की योजना के प्रस्ताव के मनोनयन के आधार पर स्वीकृति दी गई है।
बिहार औद्योगिक सुरक्षा बटालियन में सृजित पदों के पुर्ननामांकन के प्रस्ताव की स्वीकृति दी गई है। बिहार छोआ अधिनियम 1947 की धारा 8 के अधीन राज्य में उत्पादित छोआ के मूल्य निर्धारण की स्वीकृति दी गई है। बिहार में ऑनलाइन सेवाओं के अंतर्गत की ई-मापी के कार्यान्वयन के लिए सभी 534 अंचल, 101 अनुमंडल और सभी 38 जिलों के लिए 711 ईपीएस मशीन खऱीद करने के लिए 42 करोड़ 66 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। पंचायती राज्य संस्था एवं नगर निकाय संस्था के अधीन प्रारंभिक शिक्षक, नगर प्रारंभिक शिक्षक के मूल कोटि के स्वीकृत 40518 पदों को प्रत्यर्पित करते हुए शिक्षा विभाग के नियंत्रण अधीन राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में प्रधान शिक्षक के पद सृजन की स्वीकृति दी गई है। पंचायतों में माध्यमिक विद्यालय, उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 5334 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है।
Sasaram-12.91 करोड़ की लागत से बनी डायट की हिलती-डुलती इमारत


















