डिजीटल डेस्क : ईरान की ओर से किए गए हमले के बाद इजरायल में फंसे अपने नागरिकों के लिए भले ही किसी देश की ओर तत्काल कोई पहल होती नहीं दिखी है लेकिन भारत ने अलर्ट जारी कर दिया है। तेलअवीव स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमे में भारतीय नागरिकों को शांत रहने और सभी सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन करने का निर्देश दिया गया है। दूतावास हालात पर करीब से नजर रखे हुए है और इजरायली सरकार के साथ लगातार भारतीय समुदाय के संपर्क में हैं ताकि हमारे सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इजरायल में भारतीय नागरिकों का पंजीकरण शुरू
भारतीय नागरिकों के लिए भारतीय दूतावास ने एक लिंक जारी किया है जिस पर भारतीय नागरिकों को पंजीकरण करने को कहा गया है। कूटनीतिक तौर पर यह भारत की ओर संकेत है कि वहां हालात बिगड़ने पर वह अपने नागरिकों को निकालने पहल करने की तैयारी में है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों को हिदायत दी है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, यात्राएं न करें । दूसरी ओर ईरान के तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास ने भी ऐहतियातन अपने नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में ईरान में रहने वाले भारतीय नागरिक इन पर दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। जारी किए गए नंबरों में 989128109115, 98993179567, 989932179359 शामिल हैं।
बता दें कि यह पहला मौका है जब ईरान ने अपनी धरती से इजरायल पर सीधा हमला किया है। हालांकि बड़े हमले के बावजूद इजरायल में नुकसान नहीं हुआ और ईरान की ओर से दागी गईं अधिकतर मिसाइलें और ड्रोन्स हवा में ही तबाह कर दिए गए। इजरायली सेना ने बताया है कि 99 फीसदी मिसाइलें और ड्रोन्स हवा में ही तबाह कर दिए गए। हालांकि अभी खतरा टला नहीं है। ईरान के हमले के बाद इजरायल में स्कूल और कॉलेजों की छुट्टी कर दी गई है लेकिन सरकारी कार्यालय और निजी कारोबार सामान्य दिनों की भांति संचालित हो रहे हैं। ऐहतियातन इजरायली सरकार ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा संबंधी गाइडलाइंस जारी की है।



















