रांची. झारखंड विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। आज डुमरी से विधायक जयराम महतो सदन में ही भड़क गए और सत्ता पक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि नया और अकेला समझकर दबाने की कोशिश न करें। हालांकि, इस दौरान हेमंत सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने भी जयराम महतो को नसीहत देते हुए सदन के गरिमानुसार आचरण करने को कहा।
विधानसभा में भड़के जयराम महतो
दरअसल, सदन में अपने भाषण के दौरान विधायक जयराम प्रदेश में पर्यटन, उद्योग और युवा को लेकर अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान सत्ता पक्ष की ओर से उन्हें टोका गया। इस पर भड़कते हुए जयराम महतो ने कहा सभी बोलकर चले जाते हैं, लेकिन कम समय मिलने के बाद भी जब अपनी बात रखता हूं तो रोका जाता है। सदन में जयराम का तेवर देख मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने हस्तक्षेप किया और कहा कि आप सदन को संबोधित करते हुए अपनी बात रखे, किसी सदस्य को संबोधित करते हुए नहीं। साथ ही मंत्री ने आसन की ओर इशारा करते हुआ कहा कि माननीय सदस्य का सदन का आचरण सीखने की आवश्यकता है।


















