रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के समापन भाषण में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए आदिवासी सीटों को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने ऐलान किया कि चाहे सरकार रहे या जाए, परिसीमन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
“संविधान को कमजोर करने की कोशिश”
हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग को कुछ नहीं समझती। जनादेश मिले या न मिले, वह हर हाल में सत्ता पर काबिज होना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान को कमजोर करने की साजिश कर रही है और अधिक से अधिक राज्यों में सरकार बनाकर आदिवासियों के अधिकारों को खत्म करना चाहती है।
“सरना धर्म कोड और खतियान आधारित स्थानीय नीति पर जनता को संघर्ष करना होगा”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरना धर्म कोड और खतियान आधारित स्थानीय नीति जैसे मुद्दों पर जनता को संघर्ष करना होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने झारखंड को विकास से भटकाया और अब संथाल परगना और सरायकेला को अलग करने की बातें कर रही है।
“आदिवासी नेतृत्व से भाजपा को परेशानी”
हेमंत सोरेन ने कहा कि जब आदिवासी और कमजोर वर्ग का व्यक्ति मुख्यमंत्री बनता है, तो भाजपा को तकलीफ होती है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार गिराने की साजिशें नाकाम हुई हैं और अब सरकार पहले से ज्यादा मजबूत है।



















