Jharkhand High Court New Judges, रांची: झारखंड हाईकोर्ट के तीन नवनियुक्त न्यायाधीशों ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने बारी-बारी से मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा को न्यायाधीश पद की शपथ दिलायी. शपथ ग्रहण के साथ ही झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हो गयी है.
चीफ जस्टिस एमएस सोनक ने दिलायी शपथ
हाईकोर्ट परिसर में आयोजित समारोह के दौरान नवनियुक्त न्यायाधीशों ने संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन की शपथ ली. मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने सबसे पहले मनोज प्रसाद, इसके बाद अखिल कुमार और फिर राम शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी. समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के अलावा नवनियुक्त न्यायाधीशों के परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और अधिवक्ता भी उपस्थित रहे. इस दौरान न्यायिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
रजिस्ट्रार जनरल ने पढ़ी नियुक्ति अधिसूचना
शपथ ग्रहण समारोह की औपचारिक प्रक्रिया के तहत हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना का पाठ किया. इसके साथ ही राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति वारंट भी पढ़कर सुनाया गया. नियुक्ति संबंधी औपचारिकताओं के बाद मुख्य न्यायाधीश ने तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों को शपथ दिलायी. इसके साथ ही वे झारखंड हाईकोर्ट के न्यायिक कार्यों का हिस्सा बन गये.
हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या अब 16
तीनों न्यायाधीशों के शपथ लेने के बाद झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 16 हो गयी है. इसे हाईकोर्ट की न्यायिक संरचना में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद लोगों ने नवनियुक्त न्यायाधीशों को शुभकामनाएं दीं. न्यायाधीशों की नियुक्ति के बाद हाईकोर्ट के कामकाज में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी.



















