पटना : राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी और बिहार विधान परिषद (MLC) के पूर्व सदस्य कामेश्वर चौपाल का दिल्ली में निधन हो गया है। कामेश्वर चौपाल ने दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली है। बताया जा रहा है कि कामेश्वर चौपाल पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। बता दें कि चौपाल ने ही राम मंदिर निर्माण के लिए पहली ईंट रखी थी। संघ ने उन्हें प्रथम कार सेवक का दर्जा दिया था।
आपको बता दें कामेश्वर चौपाल ने अपनी पढ़ाई-लिखाई मधुबनी जिले से की थी। यहीं वे संघ के संपर्क में आए थे। उनके एक अध्यापक संघ के कार्यकर्ता हुआ करते थे। संघ से जुड़े उसी अध्यापक की मदद से कामेश्वर को कॉलेज में दाखिला मिला था। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद ही वे संघ के प्रति पूरी तरह से समर्पित हो चुके थे। इसके बाद उन्हें मधुबनी जिले का जिला प्रचारक बना दिया गया था।
यह भी देखें :
कामेश्वर चौपाल के निधन पर मुख्यमंत्री ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व विधान पार्षद कामेश्वर चौपाल के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। स्व. कामेश्वर चौपल राम जन्म भूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी भी थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
विजय सिन्हा ने कामेश्वर चौपाल के निधन पर दुख जताया
बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कामेश्वर चौपाल के निधन पर दुख जताया है। उन्होंन कहा कि श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी व बिहार के पूर्व विधान पार्षद और अयोध्या में राममंदिर निर्माण की पहली ईंट रखने वाले श्रद्धेय कामेश्वर चौपाल अब हमारे बीच नहीं रहे। यह हम सभी के लिए अत्यंत दुखद क्षण है। एक स्वयंसेवक के रूप में उनकी सरलता, सुलभता और सजगता हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।
यह भी पढ़े : छपरा के दिव्यांग पर्वतारोही उदय को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित, जिले में खुशी
विवेक रंजन की रिपोर्ट