Advertisment

झारखंड कांग्रेस के नेताओं ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

रांची. झारखंड से कांग्रेस सांसद, झारखंड सरकार में शामिल कांग्रेस कोटे के मंत्री एवं कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल से मुलाकात की।मुलाकात के दौरान हुई बैठक के क्रम में खड़गे ने संगठन सृजन के तहत चलाए जा रहे अभियान की पूरी जानकारी के राजू एवं केशव महतो कमलेश से प्राप्त की।

संगठन सृजन के तहत चलाया गये अभियान की पूरी जानकारी देते हुए के राजू ने बताया कि झारखंड में संगठन सृजन का काम व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है, जो सफलतापूर्वक आज भी जारी है। प्रखंड स्तर तक समितियों का गठन कर लिया गया है। प्रखंड स्तर तक के पदाधिकारीयों के बीच प्रमाण पत्र बांटने की प्रक्रिया भी जारी है। संगठन को पंचायत स्तर तक पहुंचाने के लिए आगे की प्रक्रिया जारी है। संगठन को मजबूत करने की दिशा में विभिन्न स्तरों पर संवाद का आयोजन लगातार जिला और राज्य स्तर पर किया गया। कांग्रेस द्वारा चलाए गए राष्ट्रव्यापी संविधान बचाओ रैली का आयोजन झारखंड में सभी जिलों में सफलतापूर्वक किया गया।

के राजू ने खड़गे एवं गांधी को जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड में पेसा कानून के लिए नियमावली बनाने हेतु कांग्रेस ने अपने स्तर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विधायकों, सामाजिक संगठनों सहित समाज के विभिन्न पेशेवर लोगों से सुझाव आमंत्रित किए थे। कार्यशाला का भी आयोजन किया गया था। इस पर अंतिम विचार करके सभी सुझावों को संकलित कर मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। झारखंड सरकार द्वारा अनुसूचित जाति आयोग के गठन की भी घोषणा कर दी गई है, जो निकट भविष्य में पूर्ण आकार लेगी।

इस अवसर पर सभी मंत्रियों ने विभागवार अपने-अपने विभागों द्वारा जनहित के संपन्न हुए कार्यो तथा आगामी योजनाओं से अवगत कराया। इसी क्रम में कांग्रेस द्वारा चुनावी घोषणा पत्र में किए वादों एवं महागठबंधन द्वारा संयुक्त रूप से जारी चुनावी घोषणा पत्र पर भी चर्चा करते हुए उस दिशा में झारखंड सरकार द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी भी खड़गे एवं राहुल गांधी को दी गई।

इस बैठक के दौरान खड़गे तथा राहुल गांधी ने संगठन के लिए किए गए कार्यों तथा कार्यक्रमों की सफलता हेतु प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की हौसला आफजाई की। खड़गे ने निर्देश देते हुए कहा कि हमें समाज के वंचित लोगों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करते रहना है। कांग्रेस को एसटी, एससी एवं ओबीसी के लिए प्राथमिकता के आधार पर सांगठनिक रूप से काम करना है। सभी को सामूहिक जिम्मेदारी लेते हुए समाज के इन वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए हर स्तर पर जिला प्रखंड और पंचायत स्तर तक काम करना होगा।

उन्होंने सभी से मिलजुल कर जनहित को सर्वोपरि रखकर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारे लिए जनता और कार्यकर्ता सर्वप्रथम है। सरकार और संगठन की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना अगर कार्यकर्ताओं का दायित्व है तो उन्हें मजबूती प्रदान करना भी सरकार और संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मंत्रियों को विधायकों के साथ आपसी सामंजस्य बैठाकर प्राथमिकता के साथ जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतरना है। संगठन और सरकार की गतिविधियों को आम लोगों तक पहुंचने की एक महत्वपूर्ण कड़ी हमारे कार्यकर्ता ही हैं, इस कड़ी को मजबूत रखना हमारा दायित्व है।

बैठक में सांसद सुखदेव भगत, कालीचरण मुंडा, विधायक दल नेता प्रदीप यादव, उप नेता राजेश कच्छप, डॉ. बेला प्रसाद, प्रणव झा, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपिका पांडे सिंह, डॉक्टर इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, अनूप सिंह, सुरेश बैठा, रामचंद्र सिंह, सोनाराम सिंकू, भूषण बारा, नमन विक्सल कौनगाड़ी, निशत आलम, श्वेता सिंह और ममता देवी उपस्थित रही।

Bihar Health Update: पटना के एलएनजेपी अस्पताल में 400 बेड के...

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के एलएनजेपी अस्पताल में 400 बेड के ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। अब एक ही छत के...

Bihar Health Update: एलएनजेपी अस्पताल में 400 बेड के Orthopedic Super...

पटना के एलएनजेपी अस्पताल में 400 बेड वाले ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन। अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, ट्रॉमा और स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर की...

JPSC Scam: रांची के होटल से चलता था सेटिंग का नेटवर्क!...

जेपीएससी घोटाले की जांच में बड़ा खुलासा। सीआईडी के अनुसार मुख्य आरोपी अभय तिवारी ने रांची के एक होटल को लीज पर लेकर कथित...