गया : बोधगया के मंदिर एरिया में चहारदीवारी पर मधुबनी पेंटिंग से भगवान बुद्ध के जन्म से लेकर महापरिनिर्वाण तक की जीवंत कलाकृति दर्शायी जा रही है. बीटीएमसी कार्यालय के पास की दीवार से पेंटिंग की शुरुआत हुई है. मधुबनी से पेंटिंग करने आई इशा झा व अंजली झा ने बताया कि सिद्धार्थ गौतम से भगवान बुद्ध बनने तक की जीवनी पेंटिंग के माध्यम से दिखेगा. पेंटिंग में वाटर कलर, पेंट, फेरकर कलर का प्रयोग किया जा रहा है. मधुबनी पेंटिंग के माध्यम से इतिहास को जानना और समझना लोगों के लिए सरल हो जाता है.
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि बीटीएमसी के पास ही चहारदीवारी पर बोधगया में निर्मित विभिन्न देशों के बौद्धमठों की कलाकृति बनायी जायेगी. ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटकों को एक जगह पर बौद्धमठों की पूरी जानकारी दिख सके. इससे उन्हें संबंधित देशों के बौद्धमठों तक पहुंचने और समझने में सुविधा होगी.
रिपोर्ट : राम मूर्ति पाठक

















