रांची: झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्र सरकार झारखंड के आदिवासी मुख्यमंत्री को स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासियों को नीचा दिखाने का काम कर रही है और दिल्ली से सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है।
मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “अभी तो सरकार बनी है और हम 5 साल का बजट तैयार कर रहे हैं, लेकिन दिल्ली वालों की पैनी नजर झारखंड पर टिकी हुई है। भाजपा को आदिवासी मुख्यमंत्री और आदिवासी समाज पसंद नहीं हैं। जिस दिन झारखंड आंख दिखाएगा, उस दिन दिल्ली समाप्त हो जाएगी।”
झारखंड से कोयला-लोहा बंद करने की दी चेतावनी
उन्होंने आगे चेतावनी दी कि यदि झारखंड की सरकार पर लगातार दबाव बनाया गया तो कोयला- लोहा, पत्थर और आयरन की सप्लाई बंद कर दी जाएगी, जिससे दिल्ली की बिजली गुल हो सकती है। उन्होंने कहा कि झारखंड अपने पैरों पर खड़ा होना चाहता है, लेकिन भाजपा सरकार इसे कमजोर करने में लगी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि झारखंड सरकार राज्य के विकास और जनहित के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है। वहीं, भाजपा सिर्फ राजनीतिक षड्यंत्र रचने में लगी हुई है।
Highlights


















