डिजिटल डेस्क : घने कोहरे में छिपी दिल्ली, आधे से ज्यादा यूपी और सटे बिहार में यही हाल। बदले मौसमी मिजाज के चलते जहां बुधवार की सुबह उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी के साथ कोहरे का डबल डोज देखने को मिला है, वहीं घने कोहरे की चादर ऐसी छाई कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाके उसी की ओट में छिपे नजर आने लगे।
कुछ ऐसा ही हाल आधे से ज्यादा यूपी में हैं और यूपी से सटे बिहार में भी कई स्थानों पर यही तस्वीर देखने को मिली है। हर तरफ फैले घने कोहरे ने ट्रेन और फ्लाइट्स के संचालन पर भी असर डाला। दृश्यता कम होने के चलते कई ट्रेनें लेट से चल रही हैं।
मौसम मिजाज में लगातार बदलाव को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई ट्रेनों का संचालन फिलहाल कुछ समय के स्थगित करने का फैसला लिया एवं यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।
दिल्ली-एनसीआर और सटे यूपी में घने कोहरे से बुरा हाल…
बुधवार को दिल्ली-एनसीआर और यूपी में कोहरे की ऐसी चादर छाई कि दृश्यता मानों शून्य हो गई। कुछ भी नहीं दिख रहा। ट्रेन और गाड़ियों की हेडलाइट्स भी काफी करीब पहुंचने पर आभासित हो रही हैं। दो दिन दिल्लीवालों को कोहरे से राहत मिली थी और सुबह से धूप भी खिली, लेकिन आज मौसम ने ऐसी गजब की पलटी मारी है कि पूरा सीन ही बदल दिया।
तड़के ही कोहरा इतना घना हो गया कि दिन निकलते-निकलते दिल्ली-एनसीआर जैसे खो सा गया। हर तरफ सिर्फ कोहरा ही कोहरा दिख रहा है। आलम यह है कि सड़क पर सामने के वाहन और घरों की बालकनी से दूसरे घरे या सामने की बिल्डिंग तक नहीं दिख रही है।
राजधानी में बुधवार सुबह भयंकर कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। देश की राजधानी दिल्ली और यूपी समेत कई राज्यों में हुई बारिश के दौर के बाद कोहरा फिर से लौट आया है।

फ्लाइट्स के अलावा घने कोहरे से ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित, कई ट्रेनें लेट…
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता शून्य रही और उड़ानों के संचालन में बाधा आई। आज तड़के से देश की राजधानी में घना कोहरा भी छाया हुआ है। इससे सड़कों पर गाड़ियां रेंग-रेंगकर चलती नजर आई। वहीं, लंबी दूरी से दिल्ली आने वाली दर्जनों ट्रेनें कई घंटों की देरी से चल रही हैं। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भी घना कोहरा छाया हुआ है। इससे दृश्यता 10 मीटर से भी कम हो गई है।
सड़कों पर दिखाई नहीं देने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। पारा लुढ़कने से ठिठुरन बढ़ गई है। भारतीय रेलवे की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि घने कोहरे के चलते ट्रेनों के संचालन पर काफी नकारात्मक असर पड़ा है। कई ट्रेनें विलंब से चल रही हैं।

दिल्ली से जुड़ी जो दूरगामी ट्रेनें लेट से चलने की सूचना हैं, उनमें बिहार क्रांति, श्रम शक्ति एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, नई दिल्ली हमसफर, महाबोधि एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, एसएलएन एएनवीटी एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, अयोध्या एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, पद्मावत एक्सप्रेस, एलकेओ नई दिल्ली एसी एक्सप्रेस, सप्त क्रांति एक्सप्रेस, हापा एसवीडीके एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, केसीवीएल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, जेबीपी एनजेडएम एसएफ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, मेवाड़ एक्सप्रेस, निजामुद्दीन दुरंतो एक्सप्रेस, एसएनएसआई कालका एक्सप्रेस, यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, बीडीटीएस एलकेयू एसएफ एक्सप्रेस, तेलंगाना एक्सप्रेस और आरकेएमपी एनजेडएम एसएफ एक्सप्रेस शामिल हैं।
बिहार में कोहरे का असर हवाई उड़ानों और ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ा। दरभंगा एयरपोर्ट से सभी 12 फ्लाइटें रद्द कर दी गईं, जबकि पटना एयरपोर्ट पर दृश्यता में कमी के कारण दिल्ली से आने वाले तीन विमान कोलकाता डायवर्ट कर दिए गए। दो विमानों का परिचालन रद्द् रहा।
मौसम विभाग ने 17 जनवरी को भी कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। आज भी कोहरे का येलो अलर्ट है।

यूपी के 17 जिलों में बारिश का अनुमान, बिहार में भी बदले मौसमी मिजाज का असर
भारतीय मौसम विभाग की मानें तो यूपी यानी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश होने की संभावना है। 15 जनवरी को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस अवधि में प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है।
…बुधवार को बुलन्दशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी ललितपुर और आसपास के इलाकों में बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना है।

इस बीच उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत कई जिलों में घने कोहरे ने ठंड बढ़ा दी। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप ने कोहरे को हटाकर राहत दी। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। कई जिलों में वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। इटावा, मुजफ्फरनगर और बुलंदशहर में सबसे कम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पश्चिमी बिहार के जिलों में तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। राज्य के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
Highlights


















