रांची: राज्यसभा सांसद सह शराब कारोबारी धीरज साहू ने पिछले वर्ष जुलाई में दाखिल किए गए अपने आयकर रिटर्न को संशोधित करते हुए अग्रिम रूप में 150 करोड़ रुपए पर आयकर जमा किया है।
धीरज साहू ने अभी तक करीब 300 करोड़ रूपय का हिसाब आयकर विभाग को दिया गया है। आयकर रिटर्न में संशोधन के बाद अब करीब 51 करोड़ रुपए का ही हिसाब नहीं मिल रहा है।
अब माना जा रहा है कि 51 करोड़ रुपए पर आयकर विभाग जुर्माना के साथ टैक्स तय कर नोटिस जारी करेगा। आयकर नियमों के तहत आयकर रिटर्न में गलतियों या छूटे हुए किसी भी विवरण को बदलने की व्यवस्था है।
इसी के तहत उन्होंने आयकर रिटर्न को संशोधित करते हुए एडवांस टैक्स का भुगतान किया है। बता दें कि आयकर विभाग ने पिछले वर्ष दिसंबर में धीरज साहू के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
इस दौरान करीब 351 करोड़ रुपए नगद बरामद हुए थे। साहू ने उक्त राशि को शराब कारोबार से प्राप्त बताते हुए पूरे पैसे का हिसाब देने की बात कही थी।
उन्होंने कहा था कि उनका ओडिशा में शराब सहित कई बड़ा कारोबार हैं। ओडिशा स्थित बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े परिसरों पर छापेमारी में करोड़ों रुपए बरामद किए थे। हालांकि, उनके ठिकानों से करीब 2.8 करोड़ रुपए से अधिक के आभूषण भी मिले थे। आयकर विभाग के अधिकारी अब भी उनके आय-व्यय को खंगाल रहे हैं।


















